×

Nitish Kumar New Cabinet: नीतीश कैबिनेट का विस्तार आज, नए मंत्रियों की सूची पर लगी मुहर, राजद का दिखेगा दबदबा

Nitish Kumar New Cabinet: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बाबत डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव से भी चर्चा की है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 16 Aug 2022 2:52 AM GMT (Updated on: 16 Aug 2022 3:31 AM GMT)
Nitish Kumar - Tejashwi Yadav
X

नीतीश कुमार- तेजस्वी यादव (photo: social media )

Click the Play button to listen to article

Nitish Kumar New Cabinet: बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई में नई सरकार का गठन होने के बाद बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार आज होगा। पिछले कई दिनों से नए मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए माथापच्ची चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बाबत डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव से भी चर्चा की है। जानकार सूत्रों का कहना है कि नए मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

राजद के विधायकों की ज्यादा संख्या को देखते हुए नीतीश मंत्रिमंडल में राजद का दबदबा दिखेगा। तेजस्वी के बड़े भाई और पूर्व कैबिनेट मंत्री तेज प्रताप यादव का नाम भी नए मंत्रियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। जानकार सूत्रों का कहना है कि नए मंत्रिमंडल में राजद के 15 और जदयू के 10 नेताओं को जगह मिलने की संभावना है। कांग्रेस कोटे से दो, हम कोटे से एक और एक नए निर्दलीय विधायक सुमित कुमार का नाम भी नए मंत्रियों की सूची में दिख सकता है।

सोमवार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव राज्यपाल से मिलकर मंत्रिमंडल विस्तार का समय लिया था। मंत्रियों की लिस्ट भी राज्यपाल को सौंपी थी। इसके बाद देर रात को राजभवन की ओर से संभावित मंत्रियों को फोन पर सूचना दे दी गई।

फिलहाल माना जा रहा है कि तेज प्रताप की जगह स्वास्थ्य तेजस्वी रखेंगे। कृषि विभाग राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे को मिलेगा। सबसे भारी शिक्षा विभाग इस बार राजद ले सकता है और वित्त विभाग जदयू के खाते में जा सकता है। वित्त जदयू के पास गया तो विजय चौधरी इसके मंत्री हो सकते हैं। संजय झा और अशोक चौधरी को महत्वपूर्ण विभाग मिलेगा। संभव है कि संजय झा के विभाग कायम रह जाएं।

सूत्रों की मानें तो राजद की तरफ से 16 मंत्री शपथ लेंगे वही, जदयू की तरफ से 12, कांग्रेस की तरफ से 2, हम के तरफ से एक और निर्दलीय एक शपथ लेंगे। वहीं, बिहार विधान सभा के स्पीकर के लिए आरजेडी के तरफ से अवध बिहारी चौधरी हो सकते हैं। अवध बिहारी चौधरी पिछली बार विपक्ष के तरफ से विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव लड़े थे। जिसमें उनकी हार हुई थी। इस बार उन्हें सर्वसम्मति से स्पीकर बनाया जा सकता है।

लालू अभी तक नहीं पहुंचे पटना

राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव भी नीतीश कैबिनेट के पहले विस्तार में शामिल होने वाले थे मगर वे सोमवार को पटना नहीं पहुंच सके। जानकार सूत्रों का कहना है कि पहले उनका सोमवार को पटना पहुंचने का कार्यक्रम था मगर स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वे पटना रवाना नहीं हो सके। लालू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने को लेकर अभी भी संशय बरकरार है।

बिहार में महागठबंधन की सरकार में लालू यादव की बड़ी भूमिका रही है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अपनी पिछली दिल्ली यात्रा के दौरान लालू यादव से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का अनुरोध किया था। इसके बाद उनके पटना पहुंचने का कार्यक्रम तय किया गया था मगर वे अभी तक पटना नहीं पहुंच सके हैं।

राजद कोटे से इन नेताओं के नाम

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री का पद संभाल लिया है मगर उनकी पार्टी जदयू के विधायकों की संख्या राजद से काफी कम है। इसी कारण में मंत्रियों की सूची में राजद विधायकों की संख्या ज्यादा होने की उम्मीद जताई जा रही है। राजद कोटे से तेज प्रताप यादव, शशि भूषण सिंह, चंद्रशेखर, सुरेंद्र यादव, कार्तिक सिंह, भूदेव चौधरी, शाहनवाज, महादेव सेठ, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, कुमार सरबजीत, आलोक मेहता, अनीता देवी, राहुल तिवारी, सुधाकर सिंह और अनिल साहनी के नाम नए मंत्रियों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।

सूची में जदयू के इन नेताओं के नाम

दूसरी ओर जदयू कोटे से बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी, अशोक चौधरी, संजय झा, श्रवण कुमार, मदन साहनी, दामोदर राउत, जमा खान, लेसी सिंह और सुमित कुमार सिंह के नाम नए मंत्रियों में शामिल हो सकते हैं। इनमें से कई नेता नीतीश के पुराने मंत्रिमंडल में भी शामिल थे। कांग्रेस कोटे से शकील अहमद और राजेश कुमार का नाम सूची में बताया जा रहा है। वैसे अफाक आलम और मुरारी गौतम का नाम भी चर्चाओं में है। हम कोटे से संतोष मांझी नए मंत्रियों की सूची में शामिल हैं।

नाम पर लग चुकी है मुहर

नीतीश कुमार ने पिछले दिनों आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी उनके साथ सिर्फ डिप्टी सीएम के रूप में तेजस्वी यादव ने शपथ ली थी। उसके बाद से ही बिहार के नए मंत्रियों की सूची को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है।

हालांकि अभी तक नए मंत्रियों की सूची को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है मगर राजद और जदयू के बीच हुई बातचीत में नए मंत्रियों के नाम पर मुहर लगाई जा चुकी है। अब सबकी निगाहें राजभवन में 11:30 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story