कांग्रेस ने इन 38 नेताओं पर जताया भरोसा, सौंपी मिशन 2022 की जिम्मेदारी

कांग्रेस मिशन यूपी फतह करने के लिए आज अपनी नई फौज का एलान कर दिया है।

Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update:2021-08-11 18:30 IST

नई दिल्ली: कांग्रेस मिशन यूपी फतह करने के लिए आज अपनी नई फौज का एलान कर दिया है। दिल्ली से जारी हुई लिस्ट में 38 नेताओं को चुनाव की कमान सौंपी गई है। इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सीएलपी आराधना मिश्रा मोना, एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया, उड़िया समेत कई पूर्व केंद्रीय मंत्री पूर्व विधायक, सांसद शामिल हैं। इन नेताओं के ऊपर चुनाव तैयारियों से लेकर टिकट वितरण की जिम्मेदारी होगी। यूपी कांग्रेस के प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की संस्तुति पर 24 अकबर रोड से यह लिस्ट जारी की गई है। ये नेता आगामी विधानसभा चुनाव 2022 की रणनीति और प्रत्याशियों के चयन पर मंथन कर उन्हें मैदान में उतारेगी।

इन 38 नेताओं को जिम्मेदारी

जिन 38 नेताओं को चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनमें प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, CLP आराधना मिश्रा मोना, MLC दीपक सिंह, राज्यसभा संसद पीएल पुनिया, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन किदवई, निर्मल खत्री, सीडब्लूसी मेंबर राजीव शुक्ला, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, केंद्रीय मंत्री प्रदीप आदित्य जैन, प्रदीप माथुर, इमरान मसूद, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी जैसे 38 नेताओं का नाम शामिल है।


कांग्रेस पार्टी हर गांव में देगी दस्तक

कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए नए-नए कार्यक्रम का आयोजन कर जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा पहुंचने की कोशिश कर रही है। अभी अगस्त क्रांति पर दो दिवसीय भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान के बाद अब 'हर गांव कांग्रेस' अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी संगठन सृजन के तहत अभियान चलाएगी। जिसकी शुरुआत इसी महीने से हो सकती है। इस कार्यक्रम के जरिए ग्राम सभा अध्यक्ष और ग्राम सभा समितियां गठित की जाएंगी।

हर वार्ड में एक सचिव का होगा चुनाव यूपी कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में जमीनी स्तर तक संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह से मजबूत करना चाहती है। इसीलिए पार्टी एक कार्यक्रम के बाद दूसरे की घोषणा कर रही है। यूपी में पार्टी को मजबूत करने के लिए कांग्रेस संगठन सृजन कर रही है। संगठन सृजन के तीसरे चरण में पार्टी 'हर गांव कांग्रेस' अभियान के तहत प्रदेश की लगभग 58 हजार ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा अध्यक्षों का चयन और समितियों का गठन करेगी। ग्राम सभा समिति में ग्राम पंचायत के प्रत्येक वार्ड से एक सचिव चुना जाएगा। इससे पहले प्रदेश कमेटी का पुनर्गठन करने के बाद कांग्रेस प्रदेश के भी 75 जिलों, 832 ब्लॉकों और 8134 न्याय पंचायतों में समितियां गठित कर चुकी है।

सचिव पर होगी वार्ड की जिम्मेदारी

पार्टी जिन सचिवों का चुनाव करेगी उन पर संबंधित वार्ड की जिम्मेदारी होगी। हर दो वार्ड पर एक महासचिव होगा। ग्राम सभा समिति में तीन उपाध्यक्ष होंगे, जिनमें एक का महिला होना अनिवार्य है। कांग्रेस इस अभियान की निगरानी भी करेगी। कांग्रेस के प्रदेश संगठन सचिव अनिल यादव ने बताया कि इसके लिए पार्टी अपने प्रदेश पदाधिकारियों को जिलों में भेजेगी।

Tags:    

Similar News