Madhya Pradesh News : एमपी राज्यसभा चुनाव में भाजपा का भरोसा, महेश केवट ने भरा पर्चा
Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार महेश केवट ने नामांकन भरा, पार्टी ने तीनों सीटों पर जीत का दावा किया।
MP Rajya Sabha Polls
भोपाल, 8 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीसरे उम्मीदवार महेश केवट ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इसके साथ ही राज्यसभा की तीन सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। भाजपा ने तीनों सीटों पर जीत का दावा करते हुए अपने प्रत्याशियों की सफलता को लेकर पूरा भरोसा जताया है।मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। इस चुनाव में कुल चार उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा की ओर सेतरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट उम्मीदवार हैं, जबकि कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को अपना प्रत्याशी बनाया है।
नामांकन दाखिल करने से पहले महेश केवट ने भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और पार्टी के संस्थापक नेताओं पं. दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नामांकन के बाद कहा कि भाजपा ने राज्यसभा की सभी तीन रिक्त सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और पार्टी के तीनों प्रत्याशी विजयी होंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने निषादराज को सम्मान देकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया था और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने महेश केवट को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल है और तीनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है।
राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाना भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित कार्य संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने और समाज की अपेक्षाओं को पूरा करने का पूरा प्रयास करेंगे। राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां अब और तेज हो गई हैं।
-- आईएएनएस
एसएनपी/ एसएके