Baghpat News: बड़ौत में ताबड़तोड़ फायरिंग, टेंट व्यवसायी और बेटे की मौत, गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित
Baghpat News: बागपत के बड़ौत में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी गैंग की फायरिंग में टेंट व्यवसायी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास की मौत, इलाके में तनाव बढ़ा।
बड़ौत में ताबड़तोड़ फायरिंग, टेंट व्यवसायी और बेटे की मौत (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बागपत के बड़ौत में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक टेंट व्यवसाई के परिवार पर हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने अपने गैंग के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में चार लोगों को गोली लगने की सूचना है। फायरिंग की इस वारदात में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए।
दुकान पर बैठे पिता-पुत्र को बनाया निशाना
घटना बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बस स्टैंड के पास की है। बताया गया कि दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित दुकान पर पिता-पुत्र बैठे हुए थे, तभी उन पर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
हालांकि अस्पताल ले जाते समय टेंट व्यवसाई विकास और उनके पिता सोहनलाल अग्रवाल की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में 30 वर्षीय विकास और 55 वर्षीय सोहनलाल अग्रवाल की मौत हो गई।
चार लोगों को लगी गोली, आरोपी भी हुआ घायल
ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान कुल चार लोगों को गोली लगने की बात सामने आई है। वहीं फायरिंग की इस घटना में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी घायल हो गया। गोलीबारी की इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर हुई वारदात
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना मुख्य बस स्टैंड पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लगा जाम
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान बड़ौत कोतवाली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। व्यापारियों का कहना था कि पुलिस चौकी के इतने नजदीक इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, ताकि पूरी घटना की वास्तविक तस्वीर सामने लाई जा सके।
10 साल पुराने विवाद का एंगल आया सामने
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया जांच में दोनों पक्षों के बीच करीब 10 वर्ष पुराने मुकदमेबाजी संबंधी विवाद की बात सामने आई है। इसी पुराने विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित
पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई जारी
मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी कराई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था पर पुलिस की नजर
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है। वहीं दो लोगों की हत्या और दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना ने पूरे बागपत जिले को झकझोर कर रख दिया है।