Etah News: गौ रक्षा के लिए 'एक नोट, एक वोट दें' जलेसर में शंकराचार्य का आह्वान

Etah News: एटा के जलेसर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द ने गौ संरक्षण को राष्ट्रीय अभियान बताते हुए लोगों से एक नोट, एक वोट देकर जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

Update:2026-06-09 21:38 IST

 गौ रक्षा के लिए 'एक नोट, एक वोट दें' जलेसर में शंकराचार्य का आह्वान (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के तहसील जलेसर में उत्तराखंड की ज्योतिष पीठ के 46वें जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज ने मंगलवार को जलेसर पहुंचकर गौ रक्षा अभियान को नई धार देते हुए लोगों से गौ माता की रक्षा के लिए "एक नोट, एक वोट" देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण का भी प्रश्न है।

घुंघरू नगरी जलेसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकराचार्य जी ने प्रदेश में बढ़ रही गौ हत्या और गौवंश की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि स्वयं को सनातन धर्म का हितैषी बताने वाली सरकारों के कार्यकाल में गौ माता सबसे अधिक पीड़ा झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश भर में बड़ी संख्या में गौशालाएं तो बनाई गई हैं, लेकिन उनमें गौवंश की वास्तविक स्थिति अत्यंत दयनीय है।

शंकराचार्य जी ने कहा कि जब मीडिया ने गौशालाओं की स्थिति को जनता के सामने लाना शुरू किया तो कवरेज पर भी प्रतिबंध लगाए जाने लगे। उन्होंने दावा किया कि एक गौशाला का निरीक्षण करने के दौरान उन्हें अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई और गौशाला का ताला बंद कर दिया गया। अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी की अनुमति का हवाला दिया गया।

अपने संबोधन में उन्होंने देश और प्रदेश में बीफ उत्पादन एवं निर्यात में वृद्धि का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों के राजनीतिक नेतृत्व द्वारा बीफ के समर्थन से गौ भक्तों की भावनाएं आहत होती हैं। वहीं उन्होंने मुस्लिम समाज के उस वर्ग की सराहना की, जिसने ईद के अवसर पर गौवंश की कुर्बानी से परहेज कर सामाजिक सद्भाव का परिचय दिया।

गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिलाना है 

शंकराचार्य ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिलाने की है। इसके लिए वह प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में जाकर जनजागरण अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को गौ रक्षा के लिए आर्थिक सहयोग के रूप में "एक नोट" और लोकतांत्रिक अधिकार के रूप में "एक वोट" देकर ऐसी नीतियों का विरोध करना चाहिए जो गौ संरक्षण के हित में नहीं हैं।

सभा में उपस्थित लोगों को उन्होंने "एक नोट और एक वोट से एक चोट" का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एटा जनपद के ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया और गौ संरक्षण को राष्ट्रीय अभियान बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

जलेसर के बाद शंकराचार्य जी निधौली में भी एक जनसभा को संबोधित करने के लिएअपने काफिले के साथ प्रस्थान कर गये हैं। इस अवसर पर नायब तहसीलदार अमित चौधरी, प्रभारी निरीक्षक संजय राघव, मंजीत यादव, अखिलेश उपाध्याय, सुरेन्द्र देव पाठक, डॉ. ध्रुव पचौरी, अनिल यादव सिंटू, भोली शर्मा प्रधान, राजाराम यादव (जिला पंचायत सदस्य), रविन्द्र यादव, धर्मेंद्र यादव, शंकर यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे।


Tags:    

Similar News