Kanpur Metro: कानपुर दक्षिण को मेट्रो विस्तार से जोड़ने की उठी मांग, एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी पर जोर
Kanpur Metro: नौबस्ता मेट्रो स्टेशन से चकेरी एयरपोर्ट तक मेट्रो सेवा बढ़ाने की मांग तेज, क्षेत्रवासियों ने विकास और बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर दिया।
कानपुर दक्षिण को मेट्रो विस्तार से जोड़ने की उठी मांग, एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी पर जोर (Photo- Social Media)
Kanpur Metro: कानपुर में मेट्रो विस्तार को लेकर अब कानपुर दक्षिण और दक्षिण-पूर्व क्षेत्र के लोगों ने नई मांग उठाई है। सामाजिक कार्यकर्ता श्री अजीत खोटे के नेतृत्व में नौबस्ता मेट्रो स्टेशन से स्वर्ण जयंती विहार होते हुए चकेरी एयरपोर्ट तक मेट्रो सेवा बढ़ाने की मांग की गई है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने मंडलायुक्त और विधानसभा अध्यक्ष Satish Mahana से जल्द फैसला लेने की अपील भी की है।
कानपुर मेट्रो का एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी की उठी मांग
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वर्तमान समय में कानपुर मेट्रो का विस्तार पश्चिम दिशा में बर्रा-8 तक किया जा रहा है, जिसे शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसी के साथ अब लोगों की मांग है कि नौबस्ता से पूर्व दिशा की ओर भी मेट्रो सेवा को आगे बढ़ाया जाए ताकि एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिल सके और शहर के दक्षिणी हिस्से को आधुनिक यातायात सुविधा से जोड़ा जा सके।
(Photo- Social Media)
क्षेत्रवासियों का क्या कहना है?
प्रस्तावित मेट्रो रूट में स्वर्ण जयंती विहार, सनिगवां क्षेत्र और आसपास के कई तेजी से विकसित हो रहे इलाके शामिल बताए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन इलाकों में लगातार आबादी बढ़ रही है और बड़ी संख्या में लोग यहां निवास कर रहे हैं। इसी क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भागीरथी-जाह्नवी आवासीय परियोजना और सकरापुर आवास योजना भी स्थित हैं, जहां हजारों लोग रह रहे हैं और उन्हें बेहतर यातायात सुविधा की जरूरत महसूस हो रही है।
इन लोगों को मिलेगी राहत
इसके अलावा इस क्षेत्र में प्रसिद्ध महादेवन मंदिर और करौली आश्रम भी मौजूद हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि विशेष अवसरों और धार्मिक आयोजनों के दौरान हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में मेट्रो सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और आम लोगों दोनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
(Photo- Social Media)
क्षेत्रवासियों का मानना है कि अगर रिंग रोड निर्माण कार्य के साथ-साथ एयरपोर्ट तक मेट्रो विस्तार किया जाता है, तो इससे पूरे इलाके की तस्वीर बदल सकती है। लोगों का कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था ज्यादा सुगम होगी, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और कानपुर दक्षिण के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मांग करने वालों में ये रहे शामिल
मेट्रो विस्तार की मांग करने वालों में अनुज शुक्ल, जी.पी. अवस्थी, सज्जन तिवारी, शुभम सैनी, रीतेश शर्मा, हरीश वाजपेयी, आशु वाजपेयी, हेमलता सचान, अरविंद अग्निहोत्री, राहुल, पंकज साहू, जगदेव सिंह यादव, पप्पू महंत, श्रीराम यादव, प्रदीप शर्मा, ऐश्वर्या कीर्ति, संदीप शुक्ल, राजेश द्विवेदी, राजकुमार अग्निहोत्री, जया शुक्ला, जितेंद्र वाजपेयी और गोपाल सैनी सहित कई स्थानीय नागरिक शामिल रहे।