Sonbhadra News: सोनभद्र में रेलवे पुलिया के नीचे जुआ फड़ पर छापा, 6 गिरफ्तार
Sonbhadra News: दुद्धी क्षेत्र में पुलिस ने रेलवे पुलिया के नीचे चल रहे जुआ फड़ पर छापेमारी कर 6 जुआरियों को पकड़ा, नकदी, ताश, मोबाइल और 11 लावारिस वाहन बरामद किए।
सोनभद्र में रेलवे पुलिया के नीचे जुआ फड़ पर छापा, 6 गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र।जनपद के दुद्धी क्षेत्र में रेलवे पुलिया के नीचे चल रही जुए की महफिल पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए छह जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में लावारिस दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना पर हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के पर्यवेक्षण, पुलिस उपाधीक्षक दुद्धी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार शाम डूमरडीहा रेलवे लाइन पुलिया के नीचे नहर के पास छापेमारी की।
छापे के दौरान वहां जुआ खेल रहे छह लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जुआ फड़ से 52 पत्तों की एक गड्डी, 12 हजार 320 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और 11 लावारिस दोपहिया वाहन बरामद किए।
जुआ फड़ पर बैठे मिले छह आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पीर मोहम्मद निवासी वार्ड नंबर 9 कस्बा दुद्धी, असलम निवासी डूमरडीहा, बृजेश कुमार निवासी रजखड़, मकसूद अहमद निवासी वार्ड नंबर 9 दुद्धी, लवकुश कुमार निवासी खजुरी तथा जितेंद्र सोनी निवासी वार्ड नंबर 9 दुद्धी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी मौके पर जुए में संलिप्त पाए गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
नकदी, मोबाइल और 11 लावारिस वाहन ने बढ़ाए सवाल
कार्रवाई के दौरान बरामद हुए 11 लावारिस दोपहिया वाहनों ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इन वाहनों के स्वामित्व की जांच में जुट गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इन वाहनों का संबंध किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से तो नहीं है।
जुआरियों पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना दुद्धी में मुकदमा अपराध संख्या 167/26 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल महताब, हेड कांस्टेबल मोहम्मद खालिद, कांस्टेबल शिवम द्विवेदी तथा कांस्टेबल धर्मपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।