×

Lok Sabha Election: दक्षिण भारत में और मजबूत होगा NDA, इस पार्टी के साथ गठबंधन की BJP की तैयारी

Lok Sabha Election 2024: भाजपा दक्षिण भारत के प्रमुख राज्य आंध्र प्रदेश में भी एक बड़ा चुनावी गठबंधन करने की तैयारी में जुटी हुई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 7 March 2024 8:08 AM GMT
BJP TDP alliance
X

BJP TDP alliance  (PHOTO: Social media )

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी एनडीए को लगातार मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू पहले ही एनडीए में शामिल हो चुकी है और नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल का जल्द ही एनडीए में शामिल होना तय माना जा रहा है।

अब भाजपा दक्षिण भारत के प्रमुख राज्य आंध्र प्रदेश में भी एक बड़ा चुनावी गठबंधन करने की तैयारी में जुटी हुई है। जानकारों के मुताबिक जल्द ही चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी के साथ भी पार्टी का गठबंधन होने के आसार हैं। इसके लिए भीतर ही भीतर कई दिनों से तैयारी चल रही हैं।

नायडू की भाजपा नेताओं के साथ बैठक आज

जानकार सूत्रों का कहना है कि तेलुगू देशम पार्टी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू आज दिल्ली पहुंचने वाले हैं। आंध्र प्रदेश में टीडीपी ने पहले ही जनसेना पार्टी के साथ गठबंधन कर रखा है। जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण भी आज दिल्ली पहुंच सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ आज रात चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के साथ गठबंधन के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।

दक्षिण भारत पर भाजपा का विशेष फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार भाजपा के 370 प्लस और एनडीए के 400 पार सीटें हासिल करने का नारा दे रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा की ओर से दक्षिण भारत पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल के दिनों में दक्षिण भारतीय राज्यों के कई दौरे किए हैं।

भाजपा की ओर से तमाम कोशिशों के बावजूद दक्षिण भारत में कर्नाटक को छोड़कर पार्टी को अभी तक ज्यादा कामयाबी नहीं मिल सकी है। पिछले चुनाव में कर्नाटक को छोड़कर पार्टी सिर्फ तेलंगाना में चार सीटें जीतने में कामयाब हो सकी थी। यदि दक्षिण भारत के पांच राज्यों की 127 सीटों की बात की जाए तो पार्टी को सिर्फ 29 सीटें मिली थीं जिनमें से अकेले कर्नाटक की 25 सीटें थीं।

दक्षिण भारत भाजपा के लिए क्यों महत्वपूर्ण

भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि दक्षिण भारत में अपनी सियासी स्थिति मजबूत बनाने के लिए पार्टी ने अब आंध्र प्रदेश पर अपनी निगाहें लगा रखी हैं। आंध्र प्रदेश में पार्टी ने टीडीपी के साथ गठबंधन में विधानसभा की 30 और लोकसभा की सात सीटों की डिमांड रखी है। इस मुद्दे पर चंद्रबाबू नायडू के साथ भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चर्चा करेगा। पार्टी को इस संबंध में चंद्रबाबू नायडू की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक इस बार पार्टी ने दक्षिण भारत की 84 सीटों पर फोकस कर रखा है। पार्टी के 400 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दक्षिण भारत की सीटों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यही कारण है कि पार्टी अब दक्षिण भारत में ज्यादा ताकत लगाने में जुटी हुई है।

6 साल पहले टूट गया था गठबंधन

वैसे टीडीपी के साथ पार्टी का पहले भी गठबंधन रह चुका है। करीब छह साल पहले टीडीपी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू ने एनडीए से दूरी बना ली थी मगर अब वे एक बार फिर भाजपा के साथ हाथ मिलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

गत जनवरी महीने के दौरान नायडू की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह के साथ शुरुआती चर्चा हो चुकी है। अब माना जा रहा है कि दोनों दलों ने गठबंधन को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story