PM Modi controversy: PM मोदी पर टिप्पणी के बाद घिरे अजय राय! बोले- BJP ने AI से बनाया फर्जी वीडियो, वाराणसी में FIR दर्ज

PM Modi controversy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ वाराणसी और महोबा में मामला दर्ज किया गया है।

Priya Singh Bisen
Published on: 24 May 2026 1:26 PM IST (Updated on: 24 May 2026 1:28 PM IST)
PM Modi controversy
X

PM Modi controversy

PM Modi controversy: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय एक बार फिर गंभीर विवादों में घिरते नज़र आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ वाराणसी और महोबा में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से गहन जांच शुरू कर दी है, जबकि अजय राय ने पूरे मामले को भाजपा की साजिश और "AI जनरेटेड वीडियो" का भाग बताया है।

देर रात किया मामला दर्ज

जानकारी के मुताबिक, महोबा निवासी आर्यन पंड्या की तहरीर पर वाराणसी के चौक थाने में अजय राय के खिलाफ देर रात मामला दर्ज किया गया। ACP दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए साइबर सेल की मदद ली जा रही है और वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई का पता लगाया जा रहा। पुलिस यह पता लगाने में लगी हुई है कि वीडियो असली है या फिर किसी तकनीक के माध्यम से बनाया गया है।

अजय राय ने खारिज किये सभी आरोप


इस बीच अजय राय ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साफ़ खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी कीमत पर डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, "वो मुझ पर एक नहीं सौ मुकदमे करा लें, लेकिन मैं अन्याय और मजलूमों के हक की आवाज उठाना बंद नहीं करूंगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ सुनियोजित तरह से प्रोपेगेंडा चला रही है।

अजय राय का बड़ा दावा

अजय राय ने दावा किया कि वायरल किया गया वीडियो पूरी तरह AI तकनीक से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि महोबा में एक छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के खिलाफ जब उन्होंने आवाज उठाई, तभी से उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। राय ने कहा कि पीड़िता को कई दिनों तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया, नशे के इंजेक्शन दिए गए और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। इस मुद्दे को उठाने के बाद भाजपा के लोगों ने उनके खिलाफ साजिश रचते हुए AI जनरेटेड वीडियो वायरल किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ये सवाल खड़े किये

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और ही है। अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं रह गया है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दिन-ब-दिन गंभीर अपराध सामने आ रहे हैं, लेकिन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हो रही।

अजय राय ने मांग की कि महोबा मामले में शामिल सभी आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में एक मजबूत संदेश जाए और भविष्य में कोई ऐसी घटना को अंजाम देने की हिमाकत न कर सके।

इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की। राय ने कहा कि किसी बेटी की जान की भरपाई पैसे से नहीं हो सकती, लेकिन मुश्किल परिस्थितियों में सरकार को परिवार की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और अपराध रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

प्रदेश की राजनीति का चढ़ा पारा

कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की लड़ाई में आगे रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महोबा की पीड़ित बेटी के परिवार को न्याय दिलाने तक कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। फिलहाल इस पूरे मामले ने प्रदेश की राजनीति को पूरी तरह से गर्मा दिया है और आगामी दिनों में इस विवाद के और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story