×

भाजपा सांसद महंत चांदनाथ का कैंसर से निधन, ढाई साल से थे अस्वस्थ

Rishi
Published on: 17 Sep 2017 1:35 PM GMT
भाजपा सांसद महंत चांदनाथ का कैंसर से निधन, ढाई साल से थे अस्वस्थ
X

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद महंत चांदनाथ का लंबी बीमारी के बाद यहां के एक निजी अस्पताल में शनिवार की देर रात में निधन हो गया। वह 61 साल के थे। हरियाणा के रोहतक स्थित बाबा मस्तनाथ मठ के महंत चांदनाथ राजस्थान के अलवर से सांसद थे। भाजपा के राजस्थान प्रवक्ता आनंद शर्मा के मुताबिक, सांसद गले के कैंसर और अन्य बीमारियों से पीड़ित थे। वह करीब ढाई साल से अस्वस्थ थे। इलाज के दौरान शनिवार मध्यरात्रि के आसपास उन्होंने अंतिम सांस ली।

ये भी देखें:अर्जन की अंत्येष्टि सोमवार को, मार्शल के किस्से जो भर देंगे लहू में गर्मी



दिल्ली के बेगमपुर में 21 जून 1956 को जन्मे चांदनाथ ने 1976 में दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से कला (हिंदी) संकाय में स्नातक किया था। उन्होंने महंत श्रेयोनाथ से दीक्षा ली थी और रोहतक के स्थल बोहर में बाबा मस्तनाथ मठ से जुड़ गए।

इन सालों में उन्होंने रोहतक में कई कॉलेजों की स्थापना की जो 'मस्तनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस' के अंतर्गत आते हैं।

इसके बाद 2012-2013 के शैक्षिक सत्र में संस्थानों के समूह ने हरियाणा सरकार से विश्वविद्यालय का दर्जा हासिल कर लिया था और नाथ इसके चांसलर बन गए।

ये भी देखें:उदासीन अखाड़ा के महंत दो दिन से ट्रेन से लापता, संतों में आक्रोश

भाजपा से जुड़े नाथ 2004 में राजस्थान से विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। 10 साल बाद 2014 के आम चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को हराकर वह अलवर से लोकसभा सांसद बने।

वह स्थायी समिति में मानव विकास संसाधन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के परामर्शदात्री समिति के सदस्य थे।

उन्होंने मस्तनाथ मठ और नाथ संप्रदाय पर कुछ किताबें भी लिखी थी।

लोकसभा वेबसाइट पर अंकित प्रोफाइल के मुताबिक, चांदनाथ हरियाणा के रोहतक और राजस्थान के हनुमानगढ़ में पांच अस्पतालों का संचालन करने के साथ ही पांच गौशालाओं का संचालन भी करते थे। वह अविवाहित थे।

सांसद का निधन राजस्थान में भाजपा के लिए एक और झटका है। इससे पहले, पिछले महीने पार्टी ने अजमेर से सांसद सांवर लाल जाट को खो दिया था और मंडलगढ़ की भाजपा विधायक कीर्ति कुमारी की जान स्वाइन फ्लू ने ले ली थी।

Rishi

Rishi

आशीष शर्मा ऋषि वेब और न्यूज चैनल के मंझे हुए पत्रकार हैं। आशीष को 13 साल का अनुभव है। ऋषि ने टोटल टीवी से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत की। इसके बाद वे साधना टीवी, टीवी 100 जैसे टीवी संस्थानों में रहे। इसके बाद वे न्यूज़ पोर्टल पर्दाफाश, द न्यूज़ में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत थे। निर्मल बाबा, राधे मां और गोपाल कांडा पर की गई इनकी स्टोरीज ने काफी चर्चा बटोरी। यूपी में बसपा सरकार के दौरान हुए पैकफेड, ओटी घोटाला को ब्रेक कर चुके हैं। अफ़्रीकी खूनी हीरों से जुडी बड़ी खबर भी आम आदमी के सामने लाए हैं। यूपी की जेलों में चलने वाले माफिया गिरोहों पर की गयी उनकी ख़बर को काफी सराहा गया। कापी एडिटिंग और रिपोर्टिंग में दक्ष ऋषि अपनी विशेष शैली के लिए जाने जाते हैं।

Next Story