India Weather Alert: गर्मी का द एंड...इन राज्यों में 5 दिन होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने दी चेतावनी

India Weather Alert: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई हिस्से अभी भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 9 Jun 2026 3:30 PM IST
India Weather Alert
X

India Weather Alert

India Weather Alert: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई हिस्से अभी भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा मानसून अब बिहार की सीमा तक पहुंच चुका है और जल्द ही राज्य में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बिहार-झारखंड में जल्द होगी मानसून की एंट्री

मौसम विभाग के अनुसार मानसून पूरे पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और हिमालयी पश्चिम बंगाल को कवर कर चुका है। अब इसकी अगली दस्तक बिहार, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में होने की संभावना है। आईएमडी का कहना है कि अगले एक से दो दिनों के भीतर बिहार और झारखंड में मानसून प्रवेश कर सकता है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों से गुजर रही है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अनुकूल परिस्थितियों के चलते मानसून की रफ्तार आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।

इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश

आईएमडी ने 9 से 15 जून के बीच पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक वर्षा की संभावना है। कई स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी पूरे सप्ताह तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

बिहार, झारखंड और ओडिशा में कब बरसेंगे बादल?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में 11 जून से व्यापक बारिश शुरू हो सकती है। झारखंड में 12 और 13 जून को अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। गंगीय पश्चिम बंगाल में 10 से 12 जून तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। ओडिशा में 11 और 12 जून को भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों के किसानों और आम लोगों को लंबे समय से मानसून का इंतजार था, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी

केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। यहां 9 से 15 जून के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में भी लगातार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ वर्षा की चेतावनी दी है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा उत्तर भारत का मौसम

आईएमडी के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तराखंड में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 11 और 12 जून को बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

दिल्ली, यूपी और राजस्थान को कब मिलेगी राहत?

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है। हालांकि 11 जून के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 11 से 15 जून के बीच धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में पूरे सप्ताह बारिश के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में भी 11 जून के बाद बारिश की संभावना जताई गई है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर भारत में अभी जारी रहेगा लू का प्रकोप

मानसून की प्रगति के बावजूद उत्तर भारत के कई इलाके अभी भी लू की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटों में राजस्थान के श्रीगंगानगर में देश का सबसे अधिक तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 9 से 11 जून तक हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story