×

बिहार बवाल: सोनिया का फोन आया, महागठबंधन के लिए शुभ संकेत लाया

Rishi
Published on: 14 July 2017 1:55 PM GMT
बिहार बवाल: सोनिया का फोन आया, महागठबंधन के लिए शुभ संकेत लाया
X

पटना : बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (युनाइटेड) के बीच उभरे विवाद को खत्म करने के लिए अब कांग्रेस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच हुई बातचीत के बाद महागठबंधन के अस्तित्व पर उठ रहे सवालों पर फिलहाल 'पूर्णविराम' के संकेत मिले हैं। जद (यू) के प्रवक्ता क़े सी़ त्यागी ने शुक्रवार को बताया कि सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री से टेलीफोन पर बातचीत की है। महागठबंधन के लिए यह शुभ संकेत है।

उन्होंने कहा, "यह हमारी पूर्व से अपेक्षा रही है कि कांग्रेस इस मामले में हस्तक्षेप करे। महागठबंधन में शामिल सभी दलों को प्रयास करना चाहिए, ताकि गठबंधन बना रहे।"

इधर, जद (यू) के एक नेता की मानें तो नीतीश कुमार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच अच्छी चर्चा हुई और इस बातचीत में जद (यू) ने स्पष्ट रूप से राज्य में महागठबंधन को हर हाल में कायम रखने की बात कही।

बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और जद (यू) हैं, जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं।

जद (यू) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 22-23 जुलाई को दिल्ली में प्रस्तावित है। इस बैठक में पार्टी के अध्यक्ष नीतीश भी बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली जाएंगे। माना जा रहा है कि उस समय वे कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद और बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं उनके बेटे तेजस्वी यादव सहित उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने सात जुलाई को पटना सहित देशभर के 12 स्थानों पर छापेमारी की थी।

भ्रष्टाचार के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा ने तेजस्वी से इस्तीफे को लेकर मुख्यमंत्री पर दबाव बनाने लगी। इसके बाद जद (यू) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बेदाग छवि को लेकर तेजस्वी पर इस्तीफे के लिए दबाव बना रही है।

हालांकि राजद ने कई मौकों पर यह स्पष्ट कर चुकी है कि तेजस्वी के इस्तीफे का प्रश्न ही नहीं उठता है। इसे लेकर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और जद (यू) शामिल हैं, जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं।

Rishi

Rishi

आशीष शर्मा ऋषि वेब और न्यूज चैनल के मंझे हुए पत्रकार हैं। आशीष को 13 साल का अनुभव है। ऋषि ने टोटल टीवी से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत की। इसके बाद वे साधना टीवी, टीवी 100 जैसे टीवी संस्थानों में रहे। इसके बाद वे न्यूज़ पोर्टल पर्दाफाश, द न्यूज़ में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत थे। निर्मल बाबा, राधे मां और गोपाल कांडा पर की गई इनकी स्टोरीज ने काफी चर्चा बटोरी। यूपी में बसपा सरकार के दौरान हुए पैकफेड, ओटी घोटाला को ब्रेक कर चुके हैं। अफ़्रीकी खूनी हीरों से जुडी बड़ी खबर भी आम आदमी के सामने लाए हैं। यूपी की जेलों में चलने वाले माफिया गिरोहों पर की गयी उनकी ख़बर को काफी सराहा गया। कापी एडिटिंग और रिपोर्टिंग में दक्ष ऋषि अपनी विशेष शैली के लिए जाने जाते हैं।

Next Story