Bihar Politics: राहुल गांधी-खड़गे के साथ तेजस्वी की आज अहम बैठक, CM फेस और सीट शेयरिंग के साथ कन्हैया और पप्पू यादव पर भी होगी चर्चा

Bihar Politics: बिहार में विपक्षी महागठबंधन की सियासत के लिए आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है। राजद नेता तेजस्वी यादव की आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात होने वाली है।

Anshuman Tiwari
Published on: 15 April 2025 7:58 AM IST
Bihar Politics
X

Bihar Politics

Bihar Politics: बिहार में विपक्षी महागठबंधन की सियासत के लिए आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है। राजद नेता तेजस्वी यादव की आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात होने वाली है। राजद ने तेजस्वी को सीएम फेस घोषित कर रखा है मगर कांग्रेस ने अभी तक इस पर हामी नहीं भरी है। इसके साथ ही दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग का मुद्दा भी उलझा हुआ है। आज की बैठक में इन दोनों मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके साथ ही तेजस्वी यादव कांग्रेस की ओर से बिहार में कन्हैया कुमार को उतारे जाने और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को महत्व दिए जाने से भी नाराज बताए जा रहे हैं। बिहार में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु की भूमिका से भी तेजस्वी यादव खफा हैं। जानकारों का मानना है कि आज की बैठक के दौरान तेजस्वी की ओर से इन मुद्दों को भी उठाया जा सकता है।

बिहार में कांग्रेस को मजबूत बनाने की कोशिश

बिहार में कांग्रेस अपनी जमीन मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। पार्टी की ओर से हाल में कन्हैया कुमार की अगुवाई में ‘नौकरी दो, पलायन रोको’ यात्रा निकाली गई थी। बेगूसराय में इस यात्रा में राहुल गांधी ने भी शिरकत की थी। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने युवाओं और बेरोजगारों के बीच अपनी पैठ बढ़ाने का प्रयास किया है। बिहार में कांग्रेस की ओर से की गई इस पहल को कामयाब माना जा रहा है।

बिहार में कांग्रेस को मजबूत बनाने की कोशिश के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस साल बिहार की तीन यात्राएं कर चुके हैं। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 19 व 20 अप्रैल को बिहार के दौरे पर पहुंचने वाले हैं। इस दौरान वे बक्सर में एक रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे पटना में पार्टी नेताओं के साथ आगे की रणनीति पर मंथन भी करेंगे।

सीएम फेस का मुद्दा उठाएंगे तेजस्वी यादव

राजद नेता तेजस्वी यादव की कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की रूपरेखा राजद सांसद मनोज झा ने तैयार की है। मनोज झा का कहना है कि बिहार की भावी सियासत के लिए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण होगी। इस बैठक के दौरान बिहार में मुख्यमंत्री पद के चेहरे और सीट शेयरिंग के महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा होनी है। कांग्रेस ने अभी तक सीएम फेस को लेकर तेजस्वी यादव के नाम पर मुहर नहीं लगाई है। पिछले दिनों कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बिहार में कहा था कि सीएम पद का फैसला चुनाव के बाद किया जाएगा।

बिहार में कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने भी पिछले दिनों दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई फैसला न होने की बात कही थी। दूसरी और राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव तेजस्वी यादव को पहले ही सीएम का चेहरा घोषित कर चुके हैं।

तेजस्वी यादव भी मुख्यमंत्री बनने के बाद उठाए जाने वाले कदमों को लेकर बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव की ओर से राहुल और खड़गे के सामने यह मुद्दा उठाया जा सकता है।

कन्हैया और पप्पू के मुद्दे पर भी हो सकती है चर्चा

इसके साथ ही राजद नेता तेजस्वी यादव कांग्रेस की ओर से कन्हैया कुमार को बिहार की सियासत में दिए जा रहे महत्व से नाराज हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी यादव की ओर से यह मुद्दा भी बैठक में उठाया जाएगा। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव हाल में कांग्रेस के गुजरात में हुए अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। पप्पू यादव बिहार में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी दोनों पप्पू यादव को नापसंद करते हैं और पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों ने पप्पू यादव को हराने की पूरी कोशिश की थी। हालांकि पप्पू यादव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे। माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव पप्पू यादव की बाहुबली छवि से गठबंधन को होने वाले नुकसान का मुद्दा उठा सकते हैं।

बैठक के नतीजे पर सबकी निगाहें

जानकारों का मानना है कि तेजस्वी यादव बिहार में कांग्रेस को ज्यादा मजबूत नहीं देखना चाहते। मजबूत होने की स्थिति में कांग्रेस की ओर से राजद पर दबाव बनाने की कोशिश की जा सकती है। ज्यादा सीटों की मांग को लेकर भी राजद पर दबाव बढ़ सकता है। अब सबकी निगाहें आज की बैठक पर लगी हुई हैं कि तेजस्वी की कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत का क्या नतीजा निकलता है।

Sonali kesarwani

Sonali kesarwani

Content Writer

Content Writer

Next Story