Twisha Sharma Case: मौत के 13 दिन बाद हुआ एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार, सेकंड PM के बाद परिजनों को मिला शव

Twisha Sharma Case: मौत के 13 दिन बाद एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा का भोपाल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। दिल्ली AIIMS की टीम द्वारा दूसरे पोस्टमार्टम के बाद भारी गमगीन माहौल में परिजनों ने ट्विशा को अंतिम विदाई दी।

Shivam Shrivastava
Published on: 24 May 2026 6:20 PM IST (Updated on: 24 May 2026 6:20 PM IST)
Twisha Sharma Case: मौत के 13 दिन बाद हुआ एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार, सेकंड PM के बाद परिजनों को मिला शव
X

Twisha Sharma Case: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा का निधन होने के 12 दिन बाद आखिरकार उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। सोमवार दोपहर दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने शव का दूसरा पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भोपाल के भदभदा घाट मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इसी दौरान फॉरेंसिक टीम ट्विशा के ससुराल और पति समर्थ सिंह के घर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी रही।

ट्विशा शर्मा के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक और गमगीन रहा। एम्स भोपाल के पीएम हाउस के बाहर उनकी भाभी ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार ट्विशा को अंतिम विदाई के लिए सजाया और उन्हें दुल्हन का लाल जोड़ा पहनाया। इस दौरान परिवार के सदस्य लगातार रोते-बिलखते नजर आए, जबकि रिश्तेदार और करीबी उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे।

भाइयों ने निभाई अंतिम रस्में

ट्विशा के भाई हर्षित और आशीष शर्मा ने अंतिम संस्कार की सभी रस्में निभाईं। कुछ महीने पहले जिस बेटी को परिवार ने शादी के बाद विदा किया था, उसी बेटी को अब अंतिम विदाई देनी पड़ी। भारी दुख और नम आंखों के बीच भाइयों ने मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर पार्थिव शरीर को अग्नि को समर्पित किया।

मां की हालत बिगड़ी

अंतिम संस्कार के दौरान ट्विशा की मां बार-बार बेसुध होती नजर आईं। मुक्तिधाम परिसर में परिवार की महिलाएं और अन्य सदस्य उन्हें संभालते रहे। जैसे ही ट्विशा की पार्थिव देह को अग्नि दी गई, मां ने हाथ जोड़कर अपनी बेटी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

समर्थ सिंह के वकील का बयान

ट्विशा शर्मा के पति और मामले में आरोपी समर्थ सिंह के वकील ज्ञानेंद्र शर्मा ने कहा कि 12 मई को ट्विशा की आत्महत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। उन्होंने बताया कि मामला फिलहाल सीबीआई जांच के अधीन है और दूसरा पोस्टमार्टम भी कराया गया है। परिवार को जांच से कोई आपत्ति नहीं है और वे सच्चाई सामने आने की उम्मीद कर रहे हैं।

वकील ने कहा कि समर्थ सिंह की जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है और मामले की सुनवाई जबलपुर में जारी है। वहीं गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर मामला अभी अदालत में लंबित है। परिवार ने दहेज प्रताड़ना के आरोपों को निराधार बताया है। वकील के अनुसार दोनों परिवार शिक्षित और प्रतिष्ठित पृष्ठभूमि से आते हैं तथा ट्विशा और समर्थ की मुलाकात एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई थी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मामले का संज्ञान लिया है और परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद है।

Shivam Shrivastava

Shivam Shrivastava

Senior Content Writer Mail ID - shivam09231@gmail.com

Shivam Shrivastava is Senior Content Writer

Next Story