TRENDING TAGS :
राजा हत्याकांड में खुलासा! हत्या की मास्टरमाइंड निकली पत्नी, सुपारी देकर रचाया खौफनाक खेल, 5 गिरफ्तार
Raja Raghuwanshi murder Case: पत्नी सोनम रघुवंशी जिसने अपने पति को जान से मारने के लिए भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी थी।
Raja Raghuwanshi murder Case (photo credit: social media)
Raja Raghuwanshi Murder Case: इंदौर से हनीमून पर गए पति-पत्नी की कहानी अब एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री बन चुकी है। मेघालय के खासी हिल्स में राजा रघुवंशी की हत्या का जो मामला सामने आया है, उसने सबको हैरत में डाल दिया है। इस मामले में पुलिस गहनता से जांच-पड़ताल की जिसमें खुलासा हुआ कि इस हत्या की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी है, जिसने अपने पति को जान से मारने के लिए भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी थी।
हनीमून जाने से पहले रची थी साजिश
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम बीते मई की 23 तारीख को हनीमून के लिए मेघालय पहुंचे थे। लेकिन ये यात्रा प्यार और यादों से भरी नहीं बल्कि खून से सनी धोखे की कहानी बनकर रह गई। पति-पत्नी उसी दिन से लापता हो गए। शुरुआत के जांच में इसे लापता होने का साधारण मामला माना गया। लेकिन जब 2 जून को राजा का शव गहरी खाई से बरामद हुआ, तब साजिश की एक-एक परतें खुलना शुरू हुई।
पत्नी ने रची हत्या की साजिश, गाजीपुर में आत्मसमर्पण
मेघालय पुलिस के मुताबिक, सोनम ने अपने पति राजा को मौत के घाट उतरने के लिए भाड़े के हत्यारे बुलवाए थे। ये हत्यारे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से थे। हत्या की साजिश पहले से तैयार थी। पुलिस ने बताया कि सोनम ने गाजीपुर के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीजीपी आई नोंग्रांग ने खुद इस मामले का खुलासा किया।
इंदौर, ललितपुर और सागर से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
आकाश राजपूत (19) – ललितपुर, उत्तर प्रदेश
विशाल सिंह चौहान (22) – इंदौर, मध्य प्रदेश
राज सिंह कुशवाहा (21) – इंदौर, मध्य प्रदेश
सोनम रघुवंशी – राजा की पत्नी, गाजीपुर से गिरफ्तारी
एक अन्य आरोपी – सागर जिले से गिरफ्तार
मेघालय पुलिस के ईस्ट खासी हिल्स के एसपी विवेक सिम ने सुचना दी कि सभी आरोपियों ने राजा की हत्या में अपराध कबूल कर लिया है।
पोस्टमॉर्टम से सामने आई सच्चाई
राजा रघुवंशी का शव बुरी हालत में वरामद हुआ था। वर्षा और वक़्त के कारण राजा का शरीर सड़ चुका था और चेहरा पहचानना बहुत मुश्किल था। परिवार ने शव की पहचान राजा के टैटू से की। पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि राजा के सिर पर दो गहरे घाव थे जो एक आगे और एक पीछे थे। साथ ही शरीर की कई हड्डियां बुरी तरीके से टूटी हुई थीं। हत्या में एक धारदार हथियार 'डाओ' का प्रयोग किया गया था, जिसे घटनास्थल से बरामद कर लिया गया।
ये गवाही बनी असल कड़ी
एक स्थानीय गाइड अल्बर्ट पैड ने जांच को आवश्यक मोड़ दिया। उन्होंने बताया कि 23 मई को उन्होंने सोनम और राजा को तीन अन्य युवकों के साथ देखा था। चारों पुरुष आगे चल रहे थे और सोनम पीछे थी। सभी हिंदी में बातचीत कर रहे थे। गाइड के मुताबिक, इन लोगों ने शिपारा होमस्टे में रात बिताई थी और अगली सुबह बिना गाइड के चले गए थे। यह वही दिन था जब से राजा लापता हुआ।
संदेह को मजबूत करती घटनाएं
राजा और सोनम ने जो स्कूटर किराए पर लिया था, उसकी लोकेशन भी संदेहपूर्ण थी। वो स्कूटर शव मिलने की जगह से लगभग 25 किलोमीटर दूर पार्किंग में मिला और उसमें चाबी भी लगी हुई थी। इससे साफ़ होता है कि हत्या के बाद हत्यारे भाग गए और स्कूटर को जानबूझकर अलग जगह पर छोड़ा ताकि पुलिस गुमराह हो।
पुलिस की तगड़ी मेहनत
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने ट्वीट कर जानकारी दी कि पुलिस की मेहनत से यह केस 7 दिनों के अंदर पूर्ण रूप से सुलझा लिया गया। उन्होंने लिखा, “हमारी पुलिस ने एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। तीन हत्यारों को गिरफ्त में ले लिया गया है और महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है।”
हत्या का मकसद बना रहस्य
हालांकि पुलिस ने हत्या के पीछे सोनम की साजिश और हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन अब तक यह साफ़ नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे आखिर कारण क्या था। क्या ये प्रेम प्रसंग था या फिर संपत्ति या घरेलू विवाद? पुलिस के मुताबिक, सोनम और आरोपी राज कुशवाहा के बीच मिलीभगत थी। हालांकि, राज घटनास्थल पर मौजूद नहीं था, लेकिन वह अन्य हत्यारों के संपर्क में था।
अब आगे क्या?
पुलिस इस केस में कुछ और लोगों की खोज में लगी हुई है। SIT ने मेघालय से लेकर मध्य प्रदेश तक अभियान चलाया और आगे की जांच जारी है। आरोपियों के मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोनम की बैंक डिटेल की भी पड़ताल जारी है, जिससे हत्या के पीछे के सच का खुलासा हो।
राजा रघुवंशी की यह दर्दनाक हत्या केवल एक अपराध नहीं, बल्कि विश्वासघात और पूर्व नियोजित साजिश बन गई है। हनीमून के नाम पर मेघालय ले जाकर पति को मौत के घाट उतार देना, वह भी पत्नी के हाथों, समाज और रिश्तों को झकझोर देने वाला सच है। आने वाले दिनों में जांच के और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। मेघालय पुलिस का कहना है कि आरोपी हत्यारों को जल्द कोर्ट में पेश कर चार्जशीट दाखिल की जाएगी। जनता और राजा के परिवार को अब न्याय की उम्मीद है।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge