TRENDING TAGS :
बिहार में महिला वोट बैंक की जंग हुई तीखी, नीतीश, राजद और कांग्रेस तीनों ने खेला बड़ा सियासी दांव
Bihar Politics: बिहार में सभी दलों की ओर से महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े सियासी दांव खेले जा रहे हैं।
Bihar Politics: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में आधी आबादी का वोट हासिल करने की जंग लगातार तीखी होती जा रही है। सभी दलों की ओर से महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े सियासी दांव खेले जा रहे हैं। बिहार के चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महिलाओं का बड़ा समर्थन मिलता रहा है और इस बार भी उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा कदम उठाया है। नीतीश कुमार ने बिहार में महिला संवाद अभियान की शुरुआत की है।
दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस भी आधी आबादी का समर्थन हासिल करने के लिए बेताब दिख रही है। तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के जीतने पर बिहार की हर महिला को ढाई हजार रुपए महीने देने का ऐलान पहले ही कर रखा है। महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के अभियान में कांग्रेस भी पीछे नहीं है। पार्टी की ओर से शुरू किए गए अभियान को ‘महिला की बात, कांग्रेस के साथ’ नाम दिया गया है। एनडीए और विपक्षी महागठबंधन दोनों की ओर से छेड़ी गई इस मुहिम का बिहार के विधानसभा चुनाव पर बड़ा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
नीतीश कुमार की महिला संवाद मुहिम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का महिला मतदाताओं पर काफी भरोसा है और महिला मतदाताओं ने उन्हें कभी निराश नहीं किया। आने वाले विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं को साधने के लिए नीतीश कुमार ने एक बार फिर बड़ी मुहिम शुरू की है। पटना में मुख्यमंत्री आवास से शुक्रवार को उन्होंने महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्रामीण विकास विभाग महिला संवाद से जुड़े इस पूरे प्रोजेक्ट को हैंडल कर रहा है। जदयू कोटे से आने वाले श्रवण कुमार ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री हैं।
नीतीश कुमार की इस बड़ी पहल के अंतर्गत बिहार के लगभग सभी गांवों में महिला संवाद का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के करीब 70 हजार स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है जिनमें करीब दो करोड़ महिलाएं हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम में गांव की सभी महिलाओं को बुलाने की तैयारी है। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की ओर से महिलाओं के लिए किए गए कामों की जानकारी दी जाएगी और योजनाओं के बारे में महिलाओं को जागरूक किया जाएगा।
महिलाओं के सुझावों पर अमल करेगी सरकार
सरकार की ओर से किए गए कामों को वीडियो फिल्म के जरिए दिखाने की योजना है। इसके लिए हर कार्यक्रम स्थल पर जागरूकता वाहन तैनात किया जाएगा जिसमें बड़े टीवी स्क्रीन पर वीडियो फिल्म दिखाई जाएगी। इसके लिए बड़े टेलीविजन स्क्रीन के साथ 600 जागरूकता वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
महिलाओं से इस बाबत भी चर्चा की जाएगी कि उनके लिए किस तरह की योजनाएं बनाई जाए। उनके सुझावों पर सरकार गौर करेगी। उनके सुझावों और अपेक्षाओं का खाका बनाकर जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। जो सुझाव और अपेक्षाएं नीतिगत विषयों से जुड़ी होंगी,उन्हें फैसले के लिए राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा।
‘महिला की बात, कांग्रेस के साथ’ मुहिम
बिहार में महिला मतदाताओं को साधने के लिए कांग्रेस की ओर से एक खास प्लान तैयार किया गया है। आधी आबादी को साधने के लिए कांग्रेस पूरे प्रदेश में महिलाओं से संपर्क साधेगी। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि इसके लिए पार्टी की ओर से दो दिवसीय महिला शिविर आयोजित किया गया है। पार्टी की ओर से इस अभियान को ‘महिला की बात,कांग्रेस के साथ’ नाम दिया गया है। अलका लांबा ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ने महिलाओं को ठगा है जबकि कांग्रेस महिलाओं को न्याय दिलाने का काम करेगी।
महिला कांग्रेस की ओर से यह अभियान 20 अप्रैल से 31 मई तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि इस अभियान के तहत महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता प्रदेश के ग्रामीण इलाकों का दौरा करेंगी।
महिलाओं के सुझावों पर बनेगा घोषणा पत्र
इस दौरान महिलाओं से संवाद किया जाएगा और उन्हें प्रभावित करने वाले मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उनके सुझावों को पार्टी के घोषणा पत्र में भी शामिल किया जाएगा। इस अभियान को सोशल मीडिया पर भी विभिन्न हैशटैग के जरिए प्रचारित किया जाएगा। अलका लांबा ने एनडीए सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और महिला सुरक्षा जैसे प्रमुख मुद्दों अनदेखी का आरोप भी लगाया।
उन्होंने राज्य में महागठबंधन की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि जब हमारी सरकार बनेगी तो हम जीविका दीदियों का मानदेय बढ़ाएंगे, उनकी सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाएंगे और उन्हें पेंशन भी देंगे।
महिलाओं के लिए तेजस्वी का बड़ा ऐलान
महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए राष्ट्रीय जनता दल की ओर से राज्य में ‘माई-बहन मान योजना’ का ऐलान किया गया है। इस योजना के तहत राज्य की हर महिला को ढाई हजार रुपए महीना दिया जाएगा। राजद नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगी।
तेजस्वी का कहना है कि महिलाएं इस पैसे का इस्तेमाल अपने परिवार की भलाई, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कर सकेंगी। तेजस्वी ने यह भी कहा कि इस योजना से महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने या कौशल प्रशिक्षण में निवेश करने में मदद मिलेगी।
नीतीश को समर्थन से राजद सतर्क
बिहार के चुनाव में नीतीश कुमार को महिलाओं का बड़ा समर्थन मिलता रहा है और इसलिए राजद ने भी इस बार महिला वोट बैंक पर फोकस किया है। तेजस्वी यादव का कहना है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद एक महीने के भीतर महिलाओं को ढाई हजार रुपए मासिक की मदद की शुरुआत कर दी जाएगी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार बनने के एक महीने के भीतर हम इस योजना को अमली जामा पहना कर बिहार की हर माता-हर बहन को स्वावलंबी, सुखी, समृद्ध, सम्पन्न, स्वस्थ और उनके जीवन को सुगम बनाने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही राजद की ओर से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने पर सभी लोगों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी वादा किया गया है।