TRENDING TAGS :
Bhupesh Baghel का बयान, भाजपा के पास झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार नहीं
Bhupesh Baghel: कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उम्मीदवार न उतारने और अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरा।
Bhupesh Baghel
Bhupesh Baghel: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड का जिक्र करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के पास उम्मीदवार नहीं है।
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने कहा कि झारखंड से दो राज्यसभा सदस्य आने हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा से एक कैंडिडेट और दूसरा कांग्रेस से, तो हमारे गठबंधन से दो कैंडिडेट हैं।
भूपेश बघेल ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
भारतीय जनता पार्टी ने कोई कैंडिडेट नहीं उतारा, जबकि उसके पास 21 विधायक हैं और एक उद्योगपति को वहां उतारा गया है, जिसको भाजपा समर्थन कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के पास कोई कैंडिडेट नहीं है। सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सभी दल के लोग, राजद के लोग, माले गुट के लोग, कांग्रेस के लोग और सभी नेतागणों की उपस्थिति में बैजनाथ और प्रणव झा दोनों ने नामांकन भरा है।
इंडिया ब्लॉक की एकजुटता का किया गया दावा
इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा की प्रेस वार्ता पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा और उसकी सरकार को एलपीजी की बढ़ती कीमतों के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की बढ़ती लागत और उनकी कमी पर ध्यान देना चाहिए। किसानों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। मॉनसून आ गया है, फिर भी उनके पास जरूरी चीजों की कमी है, उनके लिए न तो यूरिया उपलब्ध है और न ही बीज। जहां तक विपक्ष की बात है, हम मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी के नेतृत्व में अपनी जिम्मेदारियां ठीक से निभा रहे हैं। मुख्य मुद्दे किसानों और युवाओं से जुड़े हैं। भाजपा सरकार पिछले बारह सालों में एक भी परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित नहीं कर पाई है। उन्हें इन मामलों और हमारे उठाए गए मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। संबित पात्रा को खोखली बयानबाजी बंद करनी चाहिए।
कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा का नामांकन दाखिल
कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा ने कहा कि झारखंड विधानसभा में राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करते हुए मेरे मन में कृतज्ञता, विनम्रता और जिम्मेदारी का गहरा भाव था। यह केवल मेरा नामांकन नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन की एकजुटता, साझा नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता तथा झारखंड की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने का संकल्प है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि झारखंड की आवाज को मजबूती से सदन में उठाने तथा जनता के हित, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा।


