TRENDING TAGS :
21 मई एक शोक! सौंदर्य और संकल्प का दिन, राजीव गांधी की शहादत से सुष्मिता सेन की जीत तक, जानिए इस दिन का ऐतिहासिक महत्व
Aaj Ka Itihas 21 May 2025 :आज 21 मई का दिन भारत के इतिहास में काफी अहम है आइये विस्तार से समझते हैं कि इस दिन कौन कौन सी महत्वपूर्ण घटनाएं हुईं थीं।
History of 21 May (Image Credit-Social Media)
History of 21 May: 21 मई वैसे तो हर महीने की तरह ही एक आम तारीख है, लेकिन कई महत्वपूर्ण घटनाओं ने भारतीय इतिहास और जनमानस में इस दिन को अत्यंत विशेष और भावनात्मक बना दिया है। यह वह तारीख है जब भारत ने अपने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को एक आत्मघाती हमले में खो दिया, तो वहीं इसी दिन भारत की बेटी सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स का ताज पहनकर दुनिया के मंच पर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। 21 मई विरोधाभासों का प्रतीक बन चुका है। एक ओर राष्ट्रव्यापी शोक, तो दूसरी ओर राष्ट्रीय गौरव का क्षण। यही दिन हमें याद दिलाता है कि कैसे दुख और आशा एक ही तारीख में समा सकते हैं। आइए जानते हैं इस दिन से जुड़ी ऐतिहासिक, सामाजिक और वैश्विक घटनाओं से जुड़ी जानकारी के बारे में विस्तार से -
राजीव गांधी की हत्या...एक शांतिदूत की दर्दनाक विदाई
21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरम्बदूर में एक चुनावी रैली के दौरान, भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी की हत्या कर दी गई। यह आत्मघाती हमला लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) की महिला सदस्य द्वारा किया गया था, जिन्होंने अपने शरीर पर विस्फोटक बांधकर खुद को उड़ा लिया। यह हमला उस समय हुआ जब राजीव गांधी जनता से मिल रहे थे।
राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री के रूप में 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पदभार संभाला था। वे तकनीकी प्रगति, पंचायती राज, सूचना क्रांति और युवाओं को राजनीति में लाने के पक्षधर थे। श्रीलंका में शांति सेना भेजने के उनके फैसले से लिट्टे नाराज़ था, और उन्होंने इस नृशंस हत्या को अंजाम दिया। इस हादसे ने न केवल भारतीय राजनीति को झकझोर दिया, बल्कि विश्व भर में आतंकवाद की भयावहता को उजागर किया। उनकी विरासत के तौर पर राजीव गांधी की नीतियां आज भी भारत के विकास में झलकती हैं। जिनमें शामिल हैं- सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांति,
टेलीफोन और कंप्यूटर नेटवर्क की शुरुआत, पंचायती राज व्यवस्था का सशक्तिकरण, युवा मतदाता और 18 वर्ष में मतदान का अधिकार आदि।
21 मई को सुष्मिता सेन की जीत बनी भारतीय नारी की वैश्विक पहचान
1994 में 21 मई को मनीला, फिलीपींस में आयोजित मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत की सुष्मिता सेन ने विजयी ताज हासिल किया। 18 साल की सुष्मिता सेन उस वक्त इतिहास की सबसे युवा ब्रह्मांड सुंदरी बनीं। उन्होंने न केवल भारत का नाम रोशन किया बल्कि भारतीय महिलाओं के आत्मविश्वास, सौंदर्य और बुद्धिमत्ता का प्रतीक बन गईं। उनकी यह जीत भारतीय युवाओं, विशेषकर लड़कियों के लिए प्रेरणा बन गई। आज वे एक सफल अभिनेत्री, उद्यमी और समाजसेविका के रूप में भी जानी जाती हैं।
इतिहास के आईने में 21 मई को घटी अन्य प्रमुख घटनाएं
- 1502: पुर्तगाली नाविक जोआओ दा नोवा ने सेंट हेलेना द्वीप की खोज की।
- 1819: न्यूयॉर्क की सड़कों पर पहली बार ‘स्विफ्ट वॉकर’ (साइकिल) नजर आई।
- 1840: न्यूजीलैंड ब्रिटेन का उपनिवेश बना।
- 1851: कोलंबिया में गुलामी प्रथा समाप्त।
- 1881: अमेरिकी रेड क्रॉस की स्थापना।
- 1904: अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ ‘फीफा’ की स्थापना पैरिस में।
- 1918: अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने महिलाओं को मतदान का अधिकार दिया।
- 1927: चार्ल्स लिंडनबर्ग ने बिना रुके अटलांटिक पार की पहली विमान यात्रा पूरी की।
- 1935: क्वेटा (अब पाकिस्तान) में भूकंप, 30,000 से अधिक मौतें।
- 1961: डॉ. मार्टिन लूथर किंग की सभा में रंगभेद विरोध के दौरान टकराव।
- 21 मई के खास दिवस और जागरूकता अभियान
विश्व ध्यान दिवस (World Meditation Day)
मानसिक स्वास्थ्य और ध्यान के लाभों को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। विश्व ध्यान दिवस हर साल 21 मई को मनाया जाता है। यह दिन ध्यान की शक्ति और मानसिक, भावनात्मक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है। इस अवसर पर लोग व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से ध्यान करते हैं और मानसिक शांति एवं संतुलन प्राप्त करने के लिए प्रेरित होते हैं।
हालांकि, दिसंबर 2024 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 दिसंबर को भी "विश्व ध्यान दिवस" के रूप में घोषित किया। यह निर्णय ध्यान के लाभों को वैश्विक स्तर पर मान्यता देने और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया। 21 दिसंबर को चुनने का कारण यह है कि यह उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे छोटा दिन और सबसे लंबी रात होती है, जो आत्मनिरीक्षण और आंतरिक शांति के लिए उपयुक्त समय माना जाता है। इस प्रकार, वर्तमान में दो तिथियों पर विश्व ध्यान दिवस मनाया जाता है। 21 मई ध्यान के अभ्यास और इसके लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए। 21 दिसंबर संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित दिन, जो वैश्विक शांति और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। आप इन दोनों अवसरों पर ध्यान अभ्यास करके मानसिक शांति और संतुलन प्राप्त कर सकते हैं।
अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस (International Tea Day)
वैश्विक स्तर पर चाय उद्योग और मजदूरों की स्थिति पर ध्यान केंद्रित करने का दिन। पहली बार संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2019 में 21 मई को अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस घोषित किया और पहली बार यह दिवस 21 मई 2020 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा मनाया गया। जिसका उद्देश्य चाय की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित करना। चाय उद्योग में काम करने वाले किसानों और श्रमिकों की स्थिति पर ध्यान केंद्रित करना है। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी शामिल है।
श्व सांस्कृतिक विविधता दिवस (World Day for Cultural Diversity for Dialogue and Development)
- यूनेस्को द्वारा सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देने के लिए घोषित।
- यह दिवस यूनेस्को (UNESCO) और संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 2001 में अपनाए गए "सांस्कृतिक विविधता की सार्वभौमिक घोषणा" के बाद शुरू हुआ। 2002 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 मई को इस दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।
- इस दिन विभिन्न संस्कृतियों की कला, संगीत, भोजन और परंपराओं के बारे में जानना।
- बहुभाषिकता और विविध सामाजिक परंपराओं को सम्मान देना। स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेना आदि भूमिकाएं निभाई जाती हैं।
राष्ट्रीय अधिक फल और सब्जियां खाने का दिवस (National Eat More Fruits and Vegetables Day)
स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु।प्रतिवर्ष 21 मई को मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को अपने दैनिक आहार में अधिक फल और सब्जियों को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है, जिससे स्वास्थ्य में सुधार हो और जीवनशैली संबंधी बीमारियों का जोखिम कम हो। यह दिवस 2015 में Dole Food Company द्वारा शुरू किया गया था, ताकि लोगों को स्वस्थ भोजन की ओर प्रेरित किया जा सके और मोटापे, हृदय रोग, मधुमेह जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। इस दिन को मनाने के तरीको में
- नए फल या सब्जी का स्वाद लें। कभी न खाए गए फल या सब्जी को आजमाएं।
- अपने पसंदीदा फलों और सब्जियों से पौष्टिक स्मूदी तैयार करें।
अपना बगीचा लगाएं और घर पर ही फल और सब्जियां उगाने की शुरुआत करें। पोषण संबंधी जानकारी प्राप्त करें। फलों और सब्जियों के पोषण मूल्य के बारे में जानें। फलों और सब्जियों से स्वस्थ व्यंजन पकाएं।
टॉक लाइक योदा डे
पॉप संस्कृति में स्टार वॉर्स के प्रशंसकों द्वारा मनाया जाने वाला हल्का-फुल्का दिवस। ‘टॉक लाइक योदा डे' हर साल 21 मई को मनाया जाता है। यह दिन 'स्टार वॉर्स' के प्रतिष्ठित चरित्र मास्टर योदा के सम्मान में मनाया जाता है, जिनकी पहली उपस्थिति 21 मई 1980 को रिलीज़ हुई फिल्म The Empire Strikes Back में हुई थी।
इस अनौपचारिक दिवस की शुरुआत 2003 में हुई थी, जब 'स्टार वॉर्स' के प्रशंसकों ने योदा की अनूठी बोलचाल शैली और बुद्धिमत्ता को सम्मानित करने के लिए इसे मनाना शुरू किया। 21 मई का दिन हमें यह याद दिलाता है कि एक ही तारीख शोक, गर्व और प्रेरणा का संगम हो सकती है। राजीव गांधी की शहादत हमें लोकतंत्र की कीमत और नेतृत्व की जिम्मेदारी का एहसास कराती है, वहीं सुष्मिता सेन की जीत हमें यह दिखाती है कि भारतीय महिलाएं वैश्विक मंच पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge