×

पूर्व मंत्री के वाहन पर हुआ पथराव, जान बचाकर पैदल ही भागे बाहुबली दुर्गा प्रसाद यादव

इस बाबत पूछे जाने पर जहानागंज के थाना प्रभारी ने कहा कि वह जांच कर रहे हैं तथा जांच के बाद जो सच उभरकर सामने आयेगा उसी तरह की कार्यवाही की जायेगी।

Shivakant Shukla
Published on: 12 May 2019 6:08 PM IST
पूर्व मंत्री के वाहन पर हुआ पथराव, जान बचाकर पैदल ही भागे बाहुबली दुर्गा प्रसाद यादव
X

आजमगढ़: आजमगढ़ सदर विधानसभा सीट से सपा के विधायक एवं प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री बाहुबली दुर्गा प्रसाद यादव के वाहन पर पथराव किया गया। स्थितियां यह बन गयी कि जान बचाकर वह पैदल ही भागे। इस बीच सूचना पाकर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गयी तब कहीं जाकर पूर्व मंत्री की जान बची।

यह घटना आजमगढ़ सदर संसदीय सीट के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुरा पोलिंग स्टेशन पर घटी। यह पोलिंग स्टेशन सदर विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। यही वजह है कि इस पोलिंग स्टेशन की कमान भी सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के हाथ में थी। भाजपा की सरकार होने की वजह से इस बार इस क्षेत्र के लोग फर्जी वोटिंग नहीं कर पा रहे थे। भाजपा के कार्यकर्ता यहां पर मजबूती के साथ हर स्थितियों पर नजर रखे हुए थे। यह बात सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव को पता चली।

ये भी पढ़ें— Election 2019: राहुल को सता रहा है जेल जाने का डर: योगी

ऐसी स्थिति में वह अपना लाव लश्कर के साथ मौके पर पहुंच गये। उन्होंने वहां पर पहुंचते ही विरोधियों को गाली देते हुए यह कहना शुरू कर दिया कि देखते हैं फर्जी मतदान होने से कौन रोक पाता है। विधायक का इस तरह से तिलमिलाना और गालियां बकते हुए अंदर जाना भाजपा कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरा। यही वजह रही कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के वाहन पर पथराव करना शुरू कर दिया।

इस पथराव में सदर विधायक यादव का वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन के शीशे टूट गये और लोगों ने लाठी डंडे से बोनट को भी जमकर कूचा। लोगों के इस उग्र रूप को देखते हुए सदर विधायक जान बचाकर पगडंडियों से पैदल ही भागने लगे। कुछ लोगों ने उनका पीछा करना भी शुरू कर दिया। इस बात की जानकारी घटना शुरू होने के साथ ही कुछ लोगों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी थी।

ये भी पढ़ें—पश्चिम बंगाल में BJP उम्मीदवार पर हमला तृणमूल कांग्रेस की हताशा है: जावड़ेकर

यही वजह रही कि जिस समय लोग विधायक का पीछा कर रहे थे उसी समय भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गयी। पुलिस नेे विधायक को घेरेबंदी में ले लिया और उन्हें लेकर जहानागंज पुलिस स्टेशन पर आये। इस मामले को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है। हर कोई यही कह रहा है कि शांतिमय तरीके से वोटिंग हो रही थी। जो जिसे चाह रहा था उसे वोट दे रहा था। ऐसी स्थिति में बाहुबली विधायक दुर्गा प्रसाद यादव को अनायास ही खलल नहीं डालना चाहिए था। इसी क्रम में जहानागंज इलाके के ही धरवारा गांव में चुनाव ड्यूटी में लगे जाति विशेष के कुछ लोग फर्जी वोटिंग करवा रहे थे।

ये भी पढ़ें— कौन कम्बख्त कहता है मर्द को दर्द नहीं होता, ये है 7 निशानियां

इसकी जानकारी भाजपा कार्यकर्ताओं को हो गयी तो उन्होंने इस फर्जी वोटिंग की शिकायत जिला प्रशासन से की। शिकायत होते ही पुलिस सक्रिय हो गयी और मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने आरोपित दोनों कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने पर बैठा लिया। रविवार को देर रात तक इन कर्मचारियों के खिलाफ किसी तरह की कोई भी लिखित कार्यवाही नहीं की गयी थी। इस बाबत पूछे जाने पर जहानागंज के थाना प्रभारी ने कहा कि वह जांच कर रहे हैं तथा जांच के बाद जो सच उभरकर सामने आयेगा उसी तरह की कार्यवाही की जायेगी।



Shivakant Shukla

Shivakant Shukla

Next Story