×

सीएम योगी संग नितिन गडकरी आएंगे सहारनपुर, 1500 करोड़ की इस परियोजना का होगा शिलान्‍यास

sudhanshu
Published on: 10 Sep 2018 11:06 AM GMT
सीएम योगी संग नितिन गडकरी आएंगे सहारनपुर, 1500 करोड़ की इस परियोजना का होगा शिलान्‍यास
X

सहारनपुर: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 सितंबर को सहारनपुर आ रहे हैं। यहां पर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी करीब 1500 करोड़ से ज्यादा लागत से तैयार होने वाले दिल्ली—सहारनपुर फोर लेन हाईवे का शिलान्यास करने के लिए यहां आ रहे हैं। इस दौरान कई अन्य केंद्रीय और राज्यीय मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी और सीएम योगी के आगमन को लेकर तैयारी जोरों शोरों से की जा रही है। यह दोनों ही मंत्री स्पेशल हैलीकाप्टर से सहारनपुर पहुंचेंगे।

फोरनलेन हो जाएगा हाईवे

ज्ञात हो कि दिल्ली से सहारनपुर तक के दिल्ली मार्ग को अब फोरलेन हाईवे में तब्दील किया जा रहा है। जिसके लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा मिलकर 1500 करोड रूपये से ज्यादा का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। हालांकि आपको यह भी बता दें कि सहारनपुर—दिल्ली मार्ग को फोरलेन किए जाने का कार्य तत्कालीन बसपा सरकार में भी प्रारंभ किया गया था। लेकिन प्रदेश से बसपा सरकार जाने और सपा की सरकार आने के बाद इस प्रोजेक्ट पर कोई कार्य नहीं हो सका। केंद्र ने भी प्रदेश में सपा की सरकार आने पर अपनी ओर से दी जाने वाली आर्थिक मदद से हाथ पीछे खींच लिया था। अब केंद्र और यूपी में भाजपा की ही सरकार है और आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने फिर से इस सहारनपुर—दिल्ली मार्ग को पुन: फोरलेन बनाने के लिए अपनी ओर से स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिसके सापेक्ष में आगामी 11 सितंबर 2018 को इस हाईवे निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी स्वयं यहां पर शिलान्यास करने के लिए आ रहे हैं। इनके साथ ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी सहारनपुर पधार रहे हैं। हालांकि सहारनपुर से पहले बागपत में भी शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

सांसद आवास के सामने होगी जनसभा

खास बात यह है कि शिलान्यास और सभा आयोजन स्थल उस स्थान को चुना गया है, जहां पर दिल्ली रोड पर भाजपा सांसद राघव लखन पाल शर्मा का आवास है। सांसद आवास के सामने स्थित साउथ सिटी ग्राउंड में जनसभा होगी और वहीं पर शिलान्यास भी किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सीएम के आगमन को लेकर पुलिस लाइन में स्पेशल हैलीपेड तैयार किया जा रहा है। आपात काल में प्राथमिक उपचार प्रदान करने के लिए जिला चिकित्सालय की ओर से डाक्टरों की तीन टीम तैयार की गई है। एक टीम पुलिस लाइन, दूसरी टीम आयोजन स्थल तथा तीसरी टीम सरसावा ऐयरफोर्स स्टेशन पर तैनात रहेगी। इसके अलावा भारी मात्रा में पुलिस फोर्स को भी तैनात किया जाएगा। दोपहर 12.30 बजे पहले बागपत में शिलान्यास होगा और इसके बाद दोपहर दो बजे सहारनपुर में फोरलेन हाईवे का शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान दिल्ली—यमुनोत्री मार्ग को वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। दिल्ली से आने और दिल्ली जाने वाले वाहनों का रुट डायर्जन किया गया है। जो देवबंद व अन्य मार्गो से होते हुए निकलेंगे।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story