×

कांग्रेस देश के लिए कलंक, जनता भुगत रही कांग्रेस का पाप : राम कृपाल यादव

sudhanshu
Published on: 27 Jun 2018 2:37 PM GMT
कांग्रेस देश के लिए कलंक, जनता भुगत रही कांग्रेस का पाप : राम कृपाल यादव
X

बलिया: केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामकृपाल यादव ने कांग्रेस को देश के लिए कलंक करार देते हुए कहा है कि बिहार में जनता दल के साथ भाजपा का गठबंधन लोकसभा के आगामी चुनाव में जारी रहेगा तथा बिहार में लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चेहरा होंगे।

बदहाली का कारण है कांग्रेस

संत करपात्री आश्रम के सन्त अभिषेक ब्रम्हचारी के पिता के त्रयोदशाह में आज सम्मिलित होने आये केंद्रीय राज्य मंत्री रामकृपाल यादव ने कांग्रेस पर तीखे हमले किये। उन्होंने कांग्रेस को देश के लिए कलंक करार देते हुए कहा कि देश कांग्रेस का पाप भुगत रहा है। उन्होंने देश के पिछड़ेपन, भ्रष्टाचार व बदहाली के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जनता कांग्रेस के पाप को कभी भी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औरंगजेब से भी क्रूर करार दिये जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा आपातकाल के 42 वर्ष के उपरांत भी आज देश के लोगों को भय व डर सता रहा है। कांग्रेस ने हिटलर को भी फेल कर दिया है। देश की जनता ने कांग्रेस को मिटा दिया है। देश की जनता ने कांग्रेस को दो राज्यों तक सीमित कर के रख दिया है। विपक्षी दलों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता की भूख ने अनेक क्षेत्रीय दलों को कांग्रेस के साथ रहने के लिए विवश कर दिया है।

जदयू के साथ कायम रहेगा गठबंधन

बिहार में जनता दल यू से गठजोड़ को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन जनता दल यूनाइटेड से है। यह कायम रहेगा। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि दोनों दलों के रिश्ते में जो तल्खी दिख रही है , आने वाले समय मे सब ठीक हो जाएगा। लोकसभा चुनाव में अभी विलंब है। उपयुक्त समय पर दोनों दलों के नेता मिल-बैठकर बातचीत के जरिए रास्ता निकाल लेंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि बिहार में भाजपा व जनता दल यूनाइटेड का गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ेगा। लोकसभा चुनाव में मोदी जी चेहरा होंगे तथा बिहार में जब विधानसभा का चुनाव होगा तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चेहरा होंगे। शरद पवार ने महागठबंधन की हवा निकाल दी है। आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों का प्रस्तावित महागठबंधन भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं बनेगा। उन्होंने दावा किया कि 2022 में न्यू इंडिया का सपना साकार होगा तथा देश का हर घर बिजली , रोजगार , पानी , सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित हो जाएगा।

मोदी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि गांव व किसान को लेकर जनता को ठगने वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण विकास मंत्रालय का वार्षिक बजट 50 से लेकर 52 हजार करोड़ का होता था , लेकिन मोदी सरकार में यह बजट बढ़कर 1लाख 12 हजार करोड़ हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान गांव को फोकस करते हुए ग्रामीण विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किया गया है। मोदी सरकार देश को अमन चैन देने का काम कर रही है। देश भयमुक्त व भ्रष्टाचार मुक्त हो रहा है। उन्होंने स्वच्छता , शौचालय , आवास , निर्माण व ग्रामीण विकास मंत्रालय से जुड़े अनेक योजनाओं के मामले में योगी सरकार की पीठ थपथपाई तथा कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले इस मंत्रालय का प्रगति अत्यंत खराब रहा , लेकिन योगी सरकार में उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व कार्य करते हुए छलांग लगाने का काम किया है।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story