×

अब इन्हें गाय के लिए चाहिए अलग मंत्रालय ...

sudhanshu
Published on: 8 July 2018 11:56 AM GMT
अब इन्हें गाय के लिए चाहिए अलग मंत्रालय ...
X

गोरखपुर: विश्व हिन्दू परिषद की दो दिवसीय प्रान्तीय योजना की बैठक में आए विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय ने कहा कि गाय हमारी माता है। गाय के लिये सरकार अलग मंत्रालय बनाये। खास कर देशी गायों के विषय में सरकार सोंचे। हम बीजेपी को इसलिए समर्थन देते हैं, क्योंकि वो हमें आतंकवादी नहीं मानते हैं।अन्य दल हमें आतंकवादी घोषित करने की फिराक में रहते हैं।

पशु मंत्रालय में गायों के साथ न्‍याय नहीं

सरस्वती विद्या मंदिर आर्यनगर मे आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय योजना की बैठक में आए विहिप के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि यहां पर 15 जिलों के कार्यकर्ता बैठक में सम्मिलित हुए हैं। विश्व हिंदू परिषद साल में दो बार इस तरह की बैठक करती है। यह बैठक देश में 44 स्थानों पर की जाती है। सरकार से हमने मांग की है कि गायों के लिए भी मंत्रालय बनाया जाए। क्योंकि सरकार द्वारा पशु मंत्रालय बनाया गया है। जिसमें हर तरह के जानवर आते हैं। लेकिन गाय में किसी की रुचि नहीं होती है। 70 वर्षों में गाय पर कोई अनुसंधान नहीं बना। गायों पर चिंतन करने के लिए इंडिपेंडेंस मंत्रालय चाहिए। गाय को हम पशु के अन्तर्गत नहीं रख सकते। गाय में कोटि कोटि देवताओं का निवास है। हम हिन्दू समाज से गौ पालन करने की अपील भी करते हैं। कार्यकर्ताओं से भारतीय गाय के दूध,मूत्र,व गोबर से होने वाले फायदे को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वाहन भी किया है। हमने इस बैठक में गाय के लिए अलग से मंत्रालय बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया है।

रोहिंग्‍या भारत के लिए खतरा

विहिप के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने रोहिंग्या मुसलमानों को भारत के लिये खतरा बताया है। उन्‍होंने कहा है कि इनको तत्काल भारत से बाहर किया जाए। रोहिंग्‍या मुसलमानों का स्वभाव बर्बर है। उनके प्रति समाज सजग रहें और सरकार भी सजग रहें, क्योंकि इनके अंदर कोई मानवता नहीं है।

विहिप मनाएगी अखंड भारत संकल्‍प दिवस

वहीं पाकिस्तान पर बोलते हुए कहा कि भारत को उसके अतीत को याद करना होगा। 1947 को रात 12:00 बजे हिंदुस्तान की दो भुजाएं काट दी गईं। कटी हुई भुजाओं को वापस लाना है, यह हमें हर पीढ़ी को समझाना है। भारत 14 अगस्त को विभाजित हुआ। ये आने वाली पीढ़ी को बताने के लिए 14 अगस्त को पूरे देश मे भव्य तरीके से अखंड भारत संकल्प दिवस विहिप मनायेगी और विहिप का मानना है कि भारत कभी न कभी फिर अखंड होगा।

राम मंदिर पर अडिग है विहिप

राम मंदिर मुद्दे पर विहिप के अंतर्राष्‍ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि हम राम मंदिर की स्थापना पर अडिग हैं वहां पर राम का जन्म हुआ है। सन 1528 के पहले वहां पर मंदिर था। उसके बाद सन 1528 में मुस्लिमों द्वारा उस मंदिर को तोड़ा गया और मस्जिद बनाने की कोशिश की गई लेकिन अयोध्या के हिंदुओं ने मस्जिद को बनने नहीं दिया। राम मंदिर के अलावा हमें उस पर कोई विचार स्वीकार नहीं है। अयोध्या हिंदुओं का प्रतीक है। वर्ष 1987 -88 के बाद हमने मंदिर का मॉडल घरों घरों में पहुंचाया है और हिंदुओं ने सवा-सवा रुपया मंदिर के नाम पर दिया भी है।

प्रदेश में और केंद्र में बीजेपी की सरकार है, तो मंदिर बनने में देरी क्यों इस सवाल पर अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि मंदिर बनेगा धैर्य रखिए। हम बीजेपी को समर्थन इसलिए देते हैं क्‍योंकि अन्य पार्टियां हमें भगाती हैं। वह हमें आतंकवादी घोषित करने की फिराक में हैं। कम से कम BJP हमें आतंकवादी नहीं मानती है। राम मंदिर की लड़ाई 500 वर्ष से चल रही है। हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बातों से सहमत हैं। हमें धैर्य रखना होगा। हम प्रवीण भाई तोगड़िया की बात से सहमत नहीं हैं।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story