×

FIFA World Cup 2022: फीफा वर्ल्डकप की तैयारी में सैकड़ों मौतें, खुलासे से दहल उठे सारे देश

FIFA World Cup 2022: आयोजन से जुड़े सभी कामों को समय से पूरा करने के लिए काफी संख्या में प्रवासी मजदूरों को भी विभिन्न कामों में लगाया गया था।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 30 Nov 2022 4:45 AM GMT
FIFA World Cup 2022
X

FIFA World Cup 2022 (photo: social media )

FIFA World Cup 2022: कतर में खेले जा रहे फीफा वर्ल्ड कप की इन दिनों पूरी दुनिया में धूम दिख रही है। इस बीच कतर के एक शीर्ष अधिकारी के खुलासे से नया विवाद भी पैदा हो गया है। इस बड़े आयोजन के लिए कतर में कई साल से बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही थीं। फीफा वर्ल्ड कप के आयोजन के लिए कतर में कई भव्य स्टेडियम बनाए गए हैं। इसके साथ ही बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए भी काफी काम किया गया है।

आयोजन से जुड़े सभी कामों को समय से पूरा करने के लिए काफी संख्या में प्रवासी मजदूरों को भी विभिन्न कामों में लगाया गया था। कई मीडिया रिपोर्ट्स में काम के दौरान सैकड़ों प्रवासी मजदूरों की मौत होने की बात सामने आई है। इस बीच कतर के एक शीर्ष अधिकारी ने खुलासा किया है कि आयोजन की तैयारियों के दौरान 400 से 500 मजदूरों की मौत हो गई। स्कूल हादसे से हड़कंप मच गया है और इसे लेकर दुनिया भर में कतर की जोरदार आलोचना की जा रही है।

कई साल से चल रही थीं तैयारियां

फीफा वर्ल्ड कप को दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शुमार किया जाता है और इसके लिए कतर की ओर से कई वर्षों से तैयारियां की जा रही थीं। कतर सरकार ओर से इस आयोजन को कामयाब बनाने के लिए दो सौ अरब डॉलर की भारी-भरकम रकम खर्च की गई है। बड़ा आयोजन होने के कारण काम को समय से पूरा करने के लिए काफी संख्या में प्रवासी मजदूर भी विभिन्न कार्यों में लगाए गए थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में हजारों की संख्या में मजदूरों के मौत का दावा किया गया है।

शीर्ष अधिकारी ने किया बड़ा खुलासा

फीफा वर्ल्ड कप के आयोजन से जुड़े कतर के एक शीर्ष अधिकारी हसन अल थावाडी ने एक बड़ा खुलासा किया है। ब्रिटेन के पत्रकार पियर्स मोर्गन को दिए गए एक इंटरव्यू में थावाडी ने कहा कि आयोजन की तैयारियों के दौरान करीब 400 से 500 के बीच लोगों की मौत हुई है। थावाडी डिलीवरी और लीगेसी से जुड़ी एक शीर्ष कमेटी के महासचिव हैं। इसलिए उनके बयान को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि कतर की सरकार और आयोजन से जुड़ी शीर्ष कमेटी ने अभी तक इस मामले को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई है।

मौत का आंकड़ा हैरान करने वाला

कतर सरकार की ओर से जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक 2010 से 2019 के बीच कतर में 15021 प्रवासियों की मौत हुई है। कतर को आयोजन की जिम्मेदारी मिलने के बाद मरने वाले प्रवासियों का आंकड़ा भी हैरान करने वाला है। द गार्जियन की एक रिपोर्ट में इस बाबत बड़ा खुलासा किया गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कतार को फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी मिलने के बाद 2021 तक करीब साढ़े छह हजार प्रवासियों की मौत हुई है।

इनमें से काफी संख्या में प्रवासी भारत के भी रहने वाले थे। भारत के अलावा अधिकांश प्रवासी पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसे देशों से जुड़े हुए थे। काफी संख्या में प्रवासियों की मौत का खुलासा होने के बाद कतर सरकार पर निशाना साधा जा रहा है। इतनी ज्यादा संख्या में प्रवासी मजदूरों की मौत पर कतर सरकार की जमकर आलोचना की जा रही है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story