×

खेलो इंडिया स्कूल गेम्स भी अब दिखेगा सीधे प्रसारण में, खेल मंत्रालय की नई पहल

tiwarishalini
Published on: 1 Jan 2018 11:16 AM GMT
खेलो इंडिया स्कूल गेम्स भी अब दिखेगा सीधे प्रसारण में, खेल मंत्रालय की नई पहल
X

नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने अपनी पहल के तहत 2022 तक खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के प्रसारण के लिए स्टार स्पोर्ट्स को अपनी प्रसारण भागीदार बनाया है। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स का आयोजन खेल मंत्रालय की पहली खेलो इंडिया प्रोग्राम के तहत किया जा रहा है।

इस साल अंडर-17 प्रतियोगिता का आयोजन 31 जनवरी से होगा। इसमें 16 स्पर्धाएं होंगी। इसके साथ ही इसमें 6000 के करीब एथलीट हिस्सा लेंगे। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा, "सावधानी पूर्वक विचार-विमर्श और पारदर्शी दावेदारी प्रक्रिया के बाद हम इस बात की घोषणा कर खुश हैं कि खेलो इंडिया स्कूल गेम्स ने प्रसारण साझेदार के रूप में स्टार स्पोर्ट्स के साथ हाथ मिलाया है।"

राठौर ने कहा, "ऐसा पहली बार हो रहा होगा कि स्कूल स्तर के खेलों को टेलीविजन और डिजिटल स्तर पर प्रसारित किया जाएगा। इसका लक्ष्य भारत में खेल के एक वातावरण को तैयार करना है। इससे हमें भारत को उस देश में तब्दील करने में मदद मिलेगी, जिसका हमने सपना देखा है।"

साल 2004 में आयोजित ओलम्पिक खेलों में निशानेबाजी स्पर्धा में पदक जीतने वाले राठौर ने कहा कि खेलो इंडिया के जरिए मंत्रालय बच्चों के लिए खेल में सक्रिय भागीदारी की अहमियत को वापस शामिल करने की कोशिश करेगा।

उन्होंने कहा, "माता-पिता और शिक्षकों को खेल के महत्व को समझने की जरूरत है और यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि यह बच्चों के जीवन का अहम हिस्सा बने।"

इस प्रतियोगिता के जरिए बेहतरीन 1000 एथलीटों को हर साल पांच लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह कार्यक्रम अगले आठ साल तक जारी रहेगा।

हर साल नए एथलीटों को खेलो इंडिया योजना के तहत शामिल किया जाएगा। इस योजना की समय सीमा समाप्त होने तक भारत के पास हर खेल में बेहतरीन एथलीटों के कई अच्छे समूह तैयार होंगे।

आईएएनएस

tiwarishalini

tiwarishalini

Excellent communication and writing skills on various topics. Presently working as Sub-editor at newstrack.com. Ability to work in team and as well as individual.

Next Story