×

वरुण को अखिलेश देंगे 1 करोड़ रुपए, रियो पैरालिंपिक में जीता ब्रॉन्ज मेडल

By
Published on: 12 Sep 2016 8:52 PM GMT
वरुण को अखिलेश देंगे 1 करोड़ रुपए, रियो पैरालिंपिक में जीता ब्रॉन्ज मेडल
X

लखनऊ/नोएडाः रियो पैरालिंपिक खेलों की हाईजंप स्पर्धा में ब्रॉन्ज जीतने वाले यूपी के खिलाड़ी वरुण सिंह भाटी को सीएम अखिलेश यादव ने 1 करोड़ का पुरस्कार देने का ऐलान किया है। वरुण ग्रेटर नोएडा के जमालपुर गांव के रहने वाले हैं। अखिलेश ने वरुण के प्रदर्शन को देश और प्रदेश का मान और गौरव बढ़ाने वाला बताया है। साथ ही कहा है कि उनकी उपलब्धि से सभी दिव्यांगों को प्रेरणा मिली है।

सुविधाओं के बगैर शानदार प्रदर्शन

बीते शनिवार को वरुण ने रियो पैरालिंपिक खेलों में ब्रॉन्ज जीता था। बता दें कि वह गांव में ही रहकर तैयारी करते रहे। उन्हें खेलों में हिस्सा लेने के लिए पूरी सुविधाएं भी नहीं मिल सकी थीं। वरुण सिंह भाटी का गांव दनकौर कस्बे के पास है। उनके पिता किसान हैं। पहले भी वरुण कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक हासिल कर चुके हैं।

परिवार में खुशी का माहौल

भले ही वरुण को पदक जीते कई दिन बीत गए हों, लेकिन परिवार अब भी खुशियों में डूबा है। वरुण के पिता हेम सिंह गदगद हैं। उनका कहना है कि बेटे की ट्रेनिंग के लिए जो मुझसे बन सकता था, वो किया। बेटे ने कभी सुविधाएं न मिलने की शिकायत नहीं की। हेम सिंह के मुताबिक वरुण हमेशा ये कहते हैं कि इतने बड़े देश के बावजूद खिलाड़ी काफी कम हैं। वरुण का इरादा देश का मान बढ़ाना था और उन्होंने ऐसा कर दिखाया है।

Next Story