×

इस मानसून करें स्वर्ग की यात्रा! महाराष्ट्र की इन खास जगहों पर जाना ना भूलें... होगी सबसे यादगार यात्रा

Maharashtra Famous Karjat: आइए महाराष्ट्र की प्रमुख मानसूनी पर्यटन स्थलों की खूबियों के बारे में जानते हैं—जहां इस मौसम में रोमांच, आध्यात्म, स्वाद और शांति, चारों का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

Jyotsna Singh
Published on: 8 Jun 2025 4:22 PM IST
Maharashtra Famous Tourist Destination Karjat
X

Maharashtra Famous Tourist Destination Karjat

Maharashtra Famous Tourist Destination: रिमझिम फुहारों, रंग बिरंगी छतरियों और हरितमा के साथ रौनकें बिखेरने वाले मानसून ने अंगड़ाई लेनी शुरू कर दी है। इस मौसम में बरखा ऋतु की पहली फुहारें जब धरती को छूती हैं, तो हरियाली की चादर ओढ़े प्रकृति जैसे नवजीवन पा लेती है। महाराष्ट्र में यह मौसम पर्यटन का एक खास समय होता है, जब पहाड़, जंगल, झरने और घाटियां अपने सबसे सुंदर रूप में दिखाई देते हैं। लेकिन केवल प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं, इन जगहों पर संस्कृति, इतिहास, लोकल खानपान और जीवनशैली की भी अनूठी झलक देखने को मिलती है।

आइए महाराष्ट्र की प्रमुख मानसूनी पर्यटन स्थलों की खूबियों के बारे में जानते हैं—जहां इस मौसम में रोमांच, आध्यात्म, स्वाद और शांति, चारों का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। साथ ही हम जानेंगे इन जगहों की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्व, बाजारों और स्थानीय व्यंजनों के बारे में भी।

Karjat- a paradise for trekking lovers; कर्जत- ट्रेकिंग प्रेमियों की स्वर्गभूमि


स्थान विशेष- रायगढ़ जिला, मुंबई से 62 किमी दूर

मानसून आकर्षण- झरने, ट्रेकिंग ट्रेल्स, हरे-भरे पहाड़।

कर्जत, खासकर मानसून के समय ट्रेकिंग और नेचर वॉक के शौकीनों के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां का वातावरण शांत, हरियाली से भरपूर और एकांत से जुड़ने का अहसास देता है। यहां का मुख्य आकर्षण हैराजमाची किला ट्रेक। जो इतिहास और रोमांच का अद्भुत संगम है।

वहीं कोंडाना गुफाएं बौद्ध वास्तुकला की छाप और झरने की कल-कल ध्वनि के लिए पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। यहां मौजूद भंडारदारा डेम और झरना मानसून में इनका सौंदर्य अद्भुत होता है।

सांस्कृतिक जुड़ाव


कर्जत आसपास के आदिवासी गांवों और वाड़ी संस्कृति से जुड़ा है। यहां लोकनृत्य और त्योहारों की पारंपरिक झलक मानसून मेले और उत्सवों में दिखती है।

स्थानीय स्वाद

यहां का ठालीपीठ, पोहे और भाकरी-ठेचा जैसे ग्रामीण स्वाद मानसून की अदरक वाली गरम चाय के साथ अनोखा आनंद देते हैं।

Matheran- A No Vehicle Hill Station Experience; माथेरान- नो व्हीकल हिल स्टेशन का अनुभव

स्थान विशेष- रायगढ़ जिला, मुंबई से 80 किमी दूर

विशेषता- महाराष्ट्र का एकमात्र वाहन-रहित हिल स्टेशन। माथेरान अपनी सादगी, हरियाली और एकांतप्रियता के लिए जाना जाता है। यहां कोई भी मोटर गाड़ी नहीं चलती।यानी पूरी यात्रा पैदल, घोड़े या माउंटेन रेल के माध्यम से होती है।

प्रमुख दर्शनीय स्थल

पैनोरमा पॉइंट- जहां से सूर्योदय और घाटी का नजारा लुभावना होता है।

लुंबिनी झील और नैना लेक जहां शांत जल और बारिश की बूंदों की संगीतमय ध्वनि।

चार्लोट लेक झील मानसून में इस झील के आसपास की हरियाली मंत्रमुग्ध कर देती है।

धार्मिक और सांस्कृतिक झलक


माथेरान में पिसारनाथ मंदिर एक प्राचीन शिव मंदिर है, जहां स्थानीय श्रद्धा की झलक मिलती है।

बाजार और फूड

यहां हाथ से बनी चीजें जैसे कि लकड़ी की शिल्पकला, चॉकलेट फज, और सांबर पाउडर जैसे मसाले काफी लोकप्रिय हैं।

Mahabaleshwar- Monsoon Magic in the Valley of Strawberries; महाबलेश्वर- स्ट्रॉबेरी की घाटी में मानसून का जादू

स्थान विशेष- सतारा जिला, पुणे से लगभग 120 किमी दूर

विशेषता- पश्चिमी घाट का लोकप्रिय हिल स्टेशन

महाबलेश्वर सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक अनुभव है। यहां की वादियां, झीलें और घाटी मानसून में जीवंत हो उठती हैं।

प्रमुख स्थान

प्रतापगढ़ किला- मराठा वीरता की कहानी कहता एक प्राचीन स्थल।

वेन्ना झील- मानसून में नाव की सैर और बारिश की बूंदें रोमांटिक अनुभव देती हैं।

एलफिंस्टन और लॉर्ड माउंटबेटन पॉइंट घाटियों का वृहद और असीम दृश्य, फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए शानदार स्थल साबित होता है।

धार्मिक स्थल

महाबलेश्वर में महादेव मंदिर है, जिसे पंचगंगा मंदिर भी कहते हैं। ये स्थल कृष्णा, कोयना, वेणा, सावित्री और गायत्री नदियों का उद्गम स्थल माना जाता है।

स्थानीय स्वाद और बाजार

स्ट्रॉबेरी विद क्रीम यहां का सबसे फेमस डेज़र्ट है।

स्थानीय बाज़ार में स्ट्रॉबेरी जैम, हनी, चाय मसाले और चप्पलें मिलती हैं।

Lonavala- a monsoon paradise between Mumbai-Pune; लोनावला- मुंबई-पुणे के बीच मानसून का स्वर्ग

स्थान विशेष- पुणे जिला, मुंबई-पुणे हाईवे पर

विशेषता- झीलें, डैम, गुफाएं और ट्रेकिंग ट्रेल्स।

लोनावला में मानसून के दौरान पहाड़ों से बहते झरनों, हरियाली और कुहासे के साथ यात्रा करना किसी फिल्मी दृश्य जैसा लगता है।

प्रमुख स्थल

भुशी डैम- मानसून में जल से भरकर पिकनिक स्पॉट में बदल जाता है।

लोहागढ़ किला- साहसिक ट्रेकिंग के लिए आदर्श।

कार्ला और भाजा गुफाएं- प्राचीन बौद्ध संरचनाएं।

बाजार और खरीदारी

चिक्की (सूखे मेवे और गुड़ से बनी मिठाई) यहां का मुख्य उत्पाद है।

हाथ से बने मोमबत्तियां, आर्ट वर्क और वुडलेंड गैलरी से खरीदी जा सकती हैं।

स्थानीय व्यंजन

यहां के रोडसाइड फूड स्टॉल्स पर वड़ा पाव, मिसल पाव और कॉर्न पकोड़ा मानसून में खाने का अपना ही मजा है।

Amboli- A gem hidden in the lap of Sahyadri; अंबोली- सह्याद्रि की गोद में छुपा रत्न

स्थान विशेष- सिंधुदुर्ग जिला, गोवा से करीब 80 किमी दूर

विशेषता- पश्चिमी घाट का सबसे शांत और हरियाली भरा इलाका। अंबोली की पहचान है उसका घना जंगल, झरने, वॉटरफॉल्स और पक्षियों की चहचहाहट। मानसून के दौरान ये जगह जैसे जीवंत हो उठती है।

मुख्य दर्शनीय स्थल

अंबोली वॉटरफॉल- बारिश में पूरी ताकत से गिरता यह झरना दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देता है।

नागोबा लिंग और हिरनगड किला- प्रकृति और इतिहास का सुंदर मिश्रण।

महादेवगढ़ पॉइंट- घाटी और घाटियों के परे दिखता खूबसूरत समुद्र तट। खास तौर से सूर्यास्त और उदय का समय का नजारा यहां से देखने लायक होता है।

संस्कृति और भोजन

अंबोली का मालवणी भोजन यहां का प्रमुख आकर्षण है। सोलकढ़ी, बॉम्बिल फ्राई और कोकम करी बेहद लोकप्रिय हैं। गांवों में पारंपरिक कोकणी नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति मानसून मेले में देखी जा सकती है। मानसून में महाराष्ट्र की इन पांच जगहों की यात्रा आपको केवल प्रकृति के सौंदर्य से नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और स्वाद से भी जोड़ती है। चाहे आप एक फोटोग्राफर हों, ट्रैकर, आध्यात्मिक यात्री या सिर्फ सुकून की तलाश में हों इन जगहों में हर किसी के लिए कुछ न कुछ खास है। जो आपके जीवन में अविस्मरणीय यादें बनकर रह जाता है।

Start Quiz

This Quiz helps us to increase our knowledge

Admin 2

Admin 2

Next Story