TRENDING TAGS :
प्रदेश में रामराज के दावों पर आप ने उठाए सवाल ! महिला आयोग के आंकड़ों में यूपी सबसे ऊपर, मिशन शक्ति फेल ?
Aam Admi Party: महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि यह कैसा रामराज है, जहां बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
Aam Admi Party, Uttar Pradesh
Aam Admi Party: प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि यह कैसा रामराज है, जहां बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। नीलम यादव ने कहा कि प्रदेश के हर कोने से मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म की खबरें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि दो साल, पांच साल जैसी उम्र की बच्चियों के साथ दरिंदगी के मामले रोज अखबारों की सुर्खियां बन रहे हैं।
महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्य बन चुका है उत्तर प्रदेश
इस दौरान नीलम यादव ने कहा कि एक ओर जहां उत्तर प्रदेश को अपराध-मुक्त प्रदेश बताया जा रहा है, वहीं हकीकत यह है कि महिलाएं अपने घर, गली, कॉलेज, कार्यस्थल और सड़कों तक कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहीं। उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में अक्सर प्रशासन मौन रहता है या आंकड़ों की बाजीगरी से सच्चाई को छिपाने का प्रयास करता है।
सरकार की निष्क्रियता और संवेदनहीनता चिंता का विषय
आप नेता नीलम यादव ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के सभी वादे और योजनाएं ज़मीन पर पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। मिशन शक्ति योजना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि आज की स्थिति में महिलाओं को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है। जांच प्रक्रिया में देरी, आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण और पुलिस की निष्क्रियता अब आम हो गई है।
महिला पुलिस बल की भारी कमी, आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण
नीलम यादव ने कहा कि प्रदेश के ज्यादातर जिलों में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 5% से भी कम है। कई जिलों में महिला थाने ही नहीं हैं, जिससे महिलाओं को न्याय मिलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बलात्कार और हत्या जैसे मामलों में भी एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी की जाती है, खासकर तब जब आरोपी सत्ताधारी दल से जुड़े होते हैं।
हर दिन औसतन 180 महिलाएं बनती हैं अपराध का शिकार
वहीं इस दौरान तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर नीलम यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 180 महिलाएं किसी न किसी अपराध का शिकार होती हैं। बलात्कार के मामलों में उत्तर प्रदेश देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल है। साइबर अपराध के मामले भी तेजी से बढ़े हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग के आंकड़े: यूपी से सबसे अधिक शिकायतें
राष्ट्रीय महिला आयोग के मुताबिक जनवरी 2025 से मई 2025 के बीच देशभर से आई महिला सुरक्षा से जुड़ी कुल 3921 शिकायतों में से सर्वाधिक शिकायतें उत्तर प्रदेश से थीं। इनमें 1594 हिंसा, 394 बलात्कार और 310 छेड़छाड़ के मामले शामिल हैं। औसतन प्रतिदिन 26 शिकायतें अकेले उत्तर प्रदेश से आती हैं। आप नेता नीलम यादव ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार की सभी महिला सुरक्षा योजनाएं सिर्फ विज्ञापन और पोस्टरबाजी तक सीमित रह गई हैं।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge