Aligarh News: डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का किया संयुक्त निरीक्षण, सुविधाओं का लिया जायजा

Aligarh News: अलीगढ़ जिला कारागार में डीएम और एसएसपी ने संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन व बंदियों की सुविधाओं का जायजा लिया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 May 2026 3:28 PM IST
Aligarh News: डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का किया संयुक्त निरीक्षण, सुविधाओं का लिया जायजा
X

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में कारागार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक के साथ जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की स्थिति, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने जेल परिसर का बारीकी से अवलोकन किया

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर के विभिन्न बैरकों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि कारागार में बंद सभी बंदियों को निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं।

इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बंदियों से सीधे संवाद भी किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा दैनिक सुविधाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बंदियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अधिकारियों द्वारा जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया, जहां उपलब्ध दवाओं, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा जरूरतमंद बंदियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जेल मैनुअल के हिसाब से संचालन का निर्देश

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बंदियों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और जेल मैनुअल के अनुसार सभी व्यवस्थाओं का संचालन होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने और व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रशासनिक अधिकारियों के इस संयुक्त निरीक्षण को कारागार व्यवस्था में सुधार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story