TRENDING TAGS :
Baghpat News: बड़ौत में ताबड़तोड़ फायरिंग, टेंट व्यवसायी और बेटे की मौत
Baghpat News: बागपत के बड़ौत में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी गैंग की फायरिंग में टेंट व्यवसायी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास की मौत, इलाके में तनाव बढ़ा।
बड़ौत में ताबड़तोड़ फायरिंग, टेंट व्यवसायी और बेटे की मौत (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बागपत के बड़ौत में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक टेंट व्यवसायी के परिवार पर हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने अपने गैंग के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में चार लोगों को गोली लगी, जबकि फायरिंग के दौरान हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
टेंट व्यवसायी और उसके बेटे को लगी गोली
जानकारी के अनुसार, बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर यह वारदात हुई। हमलावरों ने टेंट व्यवसायी के परिवार को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
हालांकि अस्पताल ले जाते समय टेंट व्यवसायी 55 वर्षीय सोहनलाल अग्रवाल और उनके 30 वर्षीय पुत्र विकास की मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी घायल
घटना के दौरान हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है। गोली लगने से वह भी घायल हो गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग के दौरान उसे गोली कैसे लगी।
मौके पर पहुंचे पुलिस के आलाधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।


