×

BJP सरकार के कारण है UP में कानून-व्यवस्था का संकट: अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आ गयी है। हत्या अपहरण जैसी दुखद घटनाएं प्रतिदिन घटित होते रहने से कानून का राज समाप्त है।

Newstrack
Published on: 28 July 2020 1:33 PM GMT
BJP सरकार के कारण है UP में कानून-व्यवस्था का संकट: अखिलेश
X

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आ गयी है। हत्या अपहरण जैसी दुखद घटनाएं प्रतिदिन घटित होते रहने से कानून का राज समाप्त है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का संकट भाजपा सरकार के कारण ही हुआ है। जब सरकारें अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी से हटकर अन्य कामों में उलझती रहती हैं तो इस तरह के संकट तो पैदा होते ही रहेंगे। सपा मुखिया ने मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर के महाजन गुप्ता के 14 वर्षीय पुत्र की अपहरण और हत्या पर दुख प्रकट कर 02 लाख रुपये की मदद दी और सरकार से 50 लाख रुपये की मदद किए जाने की मांग की है।

ये भी पढ़ें:फिर हुई सम्पूर्ण बंदी: 31 अगस्त तक बढ़ा लॉकडाउन, पर बदल गए ये नियम

बागडोर अब शायद भाजपा सरकार के हाथ से निकल गयी है

सपा अध्यक्ष ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में धारावाहिक अपराधिक घटनाओं को देखकर लगता है कि प्रदेश की बागडोर अब शायद भाजपा सरकार के हाथ से निकल कर बदमाशों के हाथों में चली गई है। अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कारण उत्तर प्रदेश में संवैधानिक संकट उत्पन्न हो गया है। समाजवादी पार्टी अपनी इस मांग को दोहराती है कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाया जाये। बिना भाजपा सरकार को हटाये राज्य के नागरिकों का जीवन और सम्मान सुरक्षित नहीं है।

भाजपा सरकार का निर्लज्ज मौन और निष्क्रियता प्रश्नचिहृ के घेरे में है

अखिलेश ने कहा कि लगातार अपहरण और हत्याओं के बावजूद भी भाजपा सरकार का निर्लज्ज मौन और निष्क्रियता प्रश्नचिहृ के घेरे में है। विभिन्न जनपदों में हत्या, डकैती का रिकार्ड बन गया है। नोएडा में महिला की हत्या, गाजियाबाद में दिनदहाड़े डकैती, पिछले दिनों मैनपुरी में प्रजापति समाज के लोगों को जिन्दा जला दिया। सम्भल-चंदौसी में दिन में पिता-पुत्र की हत्या, प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन लोगों की सामूहिक हत्या। कासगंज में तिहरा हत्याकाण्ड आदि दुखद घटनाऐं भाजपा सरकार की नाकामी के उदाहरण है।

ये भी पढ़ें:नशे की थी लत: लॉकडाउन में भांग खाने को नहीं मिली तो पानी के साथ निगल गया चाकू

सपा मुखिया ने कहा हद तो यह है कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में अगवा महाजन गुप्ता के 14 वर्षीय पुत्र बलराम गुप्ता को बचाया न जा सका, उसकी हत्या हो गई गोरखपुर में दुखद घटना वैसी है जैसी कानपुर में हत्या की गई। मुख्यमंत्री ने अपनी विफलता पर पर्दा डालने के लिए गोरखपुर में पीड़ित परिवार को पांच लाख रूपये दिये है। उन्होंने गोरखपुर के गुप्ता व कानपुर के संजीत यादव दोनों के पीड़ित परिजनों को 50 लाख रुपये देने की मांग करते हुए कहा यह संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है कि कानपुर के पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री द्वारा एक रुपया भी नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भेदभावपूर्ण नीति से निर्णय कर रही है। पुलिस अभी तक कानपुर संजीत यादव का शव बरामद नहीं कर सकी है। यह भाजपा सरकार के लिए कम शर्मनाक नहीं है।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Newstrack

Newstrack

Next Story