TRENDING TAGS :
Etah News: दिव्यांग पत्नी को शौच कराने गए युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत
Etah News : एटा के सादरपुर गांव में दिव्यांग पत्नी को शौच कराने गए युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने जांच शुरू की
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के सादरपुर गांव में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार सादरपुर निवासी 30 वर्षीय आशीष अपनी दिव्यांग पत्नी प्रीति की देखभाल करता था। सोमवार रात करीब एक बजे वह पत्नी को शौच कराने के लिए घर से कुछ दूरी पर लेकर गया था
पत्नी को लेकर वापस लौटते समय घर के सामने पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया और सीने में गोली मार दी। मृतक की पत्नी प्रीति के मुताबिक अचानक तीन लोग आए और आशीष को जबरन पकड़कर घर के सामने से कुछ दूरी पर खींच ले गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, हमलावरों ने आशीष के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल आशीष को उपचार के लिए फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए , लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने के आदेश दिए। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है। समाचार लिखे जाने तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था।


