×

Firozabad News: जयमाला के दौरान दूल्हा की हरकतों को देख दूल्हन ने किया शादी से इंकार, बारात लौटी

Firozabad News: पुलिस गेस्ट हाउस से दूल्हे को लेकर थाने आ गई। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता के लिए पंचायत चलती रही। दुल्हन के शादी से इंकार को लेकर दूल्हा पक्ष में सन्नाटा पसर गया।

Brajesh Rathore
Published on: 10 Feb 2023 10:51 AM GMT
Firozabad News
X

Firozabad News

Firozabad News:फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में जयमाला के दौरान दूल्हे ने ऐसी हरकत कर दी, कि दुल्हन और उसके परिवार के लोग नाराज हो गए। दूल्हे की हरकतों को देख दुल्हन ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। हंगामा हुआ तो मामला थाना पुलिस तक पहुंचा। पुलिस गेस्ट हाउस से दूल्हे को लेकर थाने आ गई। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौते के लिए पंचायत चलती रही। दुल्हन के शादी से इंकार को लेकर दूल्हा पक्ष में सन्नाटा पसर गया।

पूरा मामला

जसराना थाना क्षेत्र के गांव जाजूमई निवासी युवती की शादी खैरगढ़ के गांव रसैनी निवासी आदेश से तय हुई थी। तय तिथि के अनुसार बृहस्पतिवार को बरात मैनपुरी चौराहा के समीप बाबा तूफान सिंह गैस्ट हाउस में आई थी। कन्या पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया और खातिरदारी की। धूमधाम से बैंडबाजों के साथ घुड़चढ़ी की रस्म हुई। जयमाला की तैयारियां हो गईं और दूल्हा अपने दोस्तों के साथ मंच पर पहुंच गया।

जब दुल्हन अपनी सहेलियों के साथ मंच पर पहुंची तो यहां दूल्हे को दुल्हन का हाथ पकड़ कर मंच पर चढ़ाना था। बस यहीं दूल्हे के दिमाग में हरकत सूझ गई। उसने दुल्हन का हाथ पकड़ कर झटका मार दिया, जिससे वह स्टेज पर गिर पड़ी। दूल्हे की यह हरकत दुल्हन और उसके परिवारीजनों को बुरी लगी, लेकिन वे लोग फिर भी शांत रहे। इसके बाद जब खाना खाने बैठे तो फिर दूल्हा और उसके दोस्तों ने कह दिया। कन्या फिर भी शांत रही। लेकिन इसके बाद दूल्हे की हरकतें और बढ़ गई। जिससे कन्या पक्ष के लोगों का गुस्सा बढ़ गया और कहा सुनी हो गई। हंगामा देख दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। जिससे शादी समारोह में विघ्न उत्पन्न हो गया और बरात वापस चली गई।

दोनो पक्षो में सुलह की बात चल रही है

इधर सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को थाने ले आई। दूल्हे को थाने में बैठने के बाद दोनों पक्ष कन्या को शादी के लिए मनाने में जुट गए, लेकिन दोपहर तक कन्या शादी के लिए राजी नहीं हुई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा का कहना है कि शादी के दौरान घराती और बरातियों में विवाद हो गया था। जिसके बाद दूल्हा को थाने लाए हैं। दोनों पक्षों में सुलह की बात चल रही है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story