×

Gorakhpur News: BJP महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव की हार्ट अटैक से मौत, सीएम ने जताया शोक

Gorakhpur News: परिवार वालों के मुताबिक, देवेश श्रीवास्तव बुधवार को सुबह रोज की तरह उठकर नित्यक्रिया कर पूजा-अर्चना कर रहे थे।

Purnima Srivastava
Published on: 11 Jun 2025 2:06 PM IST
gorakhpur news
X

gorakhpur news

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव का बुधवार की सुबह हार्टअटैक आने से मौत हो गई। उन्हें तीन महीने पहले ही महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदना जताई है। उनके निधन की खबर सुनकर बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता और शुभचिंतक उनके रमदत्तपुर स्थित आवास पर पहुंच गए। 52 वर्षीय देवेश श्रीवास्तव अपने पीछे पत्नी और इकलौती बेटी को छोड़ गए हैं।

परिवार वालों के मुताबिक, देवेश श्रीवास्तव बुधवार को सुबह रोज की तरह उठकर नित्यक्रिया कर पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान अचानक अचेत होकर गिर गए। परिवार के सदस्यों ने उन्हें नजदीक के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उनके निधन की सूचना पर बड़ी संख्या में शुभचिंतक और वरिष्ठ भाजपा के पदाधिकारी उनके रमदत्तपुर स्थित आवास पर पहुंच गए। उनके निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर शोक संवेदना साझा की है। महानगर अध्यक्ष के निधन पर महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, डॉ.सत्येन्द्र सिन्हा, राहुल श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में भाजपा के नेता उनके आवास पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ’एक्स’ पर लिखा- गोरखपुर के भाजपा महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है, उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोक संतप्त परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही देवेश श्रीवास्तव गोरखपुर भाजपा के महानगर अध्यक्ष नियुक्त हुए थे। इसके पहले भी उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया था। देवेश श्रीवास्तव के पिता उमेश श्रीवास्तव भी भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं।

Start Quiz

This Quiz helps us to increase our knowledge

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story