TRENDING TAGS :
Hapur News: हापुड़ में स्कूटी सवार युवक पर जानलेवा हमला, तीन पर मुकदमा दर्ज
Hapur News: बाबूगढ़ क्षेत्र में स्कूटी में टक्कर मारकर युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
हापुड़ में स्कूटी सवार युवक पर जानलेवा हमला, तीन पर मुकदमा दर्ज (Photo- Newstrack)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव बछलौता निवासी एक युवक को पहले बाइक से टक्कर मारकर सड़क पर गिराया गया और उसके बाद धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागा, लेकिन आरोपितों ने उसका पीछा करते हुए दोबारा मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह सबमर्सिबल की मोटर लेने जा रहा था पीड़ित
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार गांव बछलौता निवासी ऋषिपाल सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अपनी स्कूटी से बाबूगढ़ सबमर्सिबल की मोटर लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही रजनीश, मोनू और रोहित ने तेज रफ्तार बाइक से पीछे से उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऋषिपाल सड़क पर गिरकर घायल हो गया। आरोप है कि स्कूटी से गिरते ही तीनों आरोपितों ने उस पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सड़क पर गिराकर किया हमला, गंभीर चोटें आईं
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उसे घेरकर मारपीट की और धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उसे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। जान का खतरा देखते हुए वह किसी तरह मौके से निकलकर अपने घर की ओर भागा।हालांकि आरोपितों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि तीनों युवक उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गए और वहां भी उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज की। जाते समय आरोपितों ने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।
डायल-112 पर दी सूचना, पुलिस पहुंची मौके पर
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा।पीड़ित ऋषिपाल ने पुलिस को बताया कि यह पहली घटना नहीं है। उसके अनुसार एक दिन पहले शाम को भी उसके साथ इसी प्रकार की वारदात हुई थी। उसने दावा किया कि उस घटना से संबंधित फोटो और वीडियो भी उसके पास मौजूद हैं, जिन्हें वह पुलिस को उपलब्ध कराएगा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
मामले में बाबूगढ़ थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर गांव के रजनीश, मोनू और रोहित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
क्या बोले थाना प्रभारी?
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि, पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


