TRENDING TAGS :
यूपी में ‘आई लव मोहम्मद’ पर मचा बवाल, लखनऊ-मेरठ समेत कई जिलों में हाई अलर्ट, सीमाएं सील
उत्तर प्रदेश में ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मेरठ जोन समेत कई जिलों में हाई अलर्ट जारी, सीमाएं सील और फ्लैग मार्च बढ़ा दिए गए हैं।
I Love Mohammad controversy
UP News: राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ‘आई लव मोहम्मद’ (I Love Muhammad) मामले को लेकर सियासी पारा गरमा गया है। इस अभियान को लेकर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाते हुए अलर्ट पर रखा गया है। राज्य सरकार ने इस धार्मिक और संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी तरह की अशांति को रोकने के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) ने एक उच्च-स्तरीय बैठक की, जिसमें सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को ‘आई लव मोहम्मद’ मामले को लेकर कड़े निर्देश भी दिए।
मेरठ जोन में सीमाओं पर कड़ी निगरानी
ADG जोन ने मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली जैसे संवेदनशील जिलों में खासतौर पर सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। सभी जिलों की सीमाओं को सील कर दिया गया है और आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह कदम किसी भी बाहरी तत्व को इलाके में घुसने और माहौल खराब करने से रोकने के लिए उठाया गया है। इसी के साथ पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी तरह की भड़काऊ गतिविधि या कानून-व्यवस्था को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च और पुलिस गश्त में बढ़ोतरी
इसके अलावा किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और अलीगढ़ जैसे शहरों में पुलिस और पीएसी के जवान संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रहे हैं, ताकि लोगों में सुरक्षा का भाव बना रहे। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की साइबर टीम नजर रख रही है, ताकि कोई भड़काऊ पोस्ट या अफवाह न फैलाई जा सके। फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है।


