TRENDING TAGS :
Lakhimpur Kheri: हीटवेव से राहत के लिए नगर पालिका का कूलिंग पॉइंट, विधायक रोमी साहनी ने किया शुभारंभ
Lakhimpur Kheri News: भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत के लिए पलिया नगर पालिका ने कूलिंग पॉइंट बनाया, विधायक रोमी साहनी ने किया शुभारंभ।
Lakhimpur Kheri News
Lakhimpur Kheri News: भीषण गर्मी एवं हीटवेव से आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से पलिया नगर पालिका द्वारा लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस के सामने स्थापित अस्थायी कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पलिया विधायक रोमी साहनी ने फीता काटकर कूलिंग पॉइंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए इस प्रकार की पहल अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने लोगों से गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका की अध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका नागरिकों की सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति कटिबद्ध है। हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए यह कूलिंग पॉइंट स्थापित किया गया है, जिससे राहगीरों एवं आमजन को गर्मी से राहत मिल सके। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि विशेष रूप से डिजाइन कराए गए इस कूलिंग पॉइंट के माध्यम से हमारे देश की रीढ़ ग्रामीण सभ्यता को पुनर्जीवित कर प्रस्तुत करने का भी प्रयास किया गया। प्राकृतिक सौंदर्य की तरफ बढ़ते हमारे ये कदम नगरीकरण में एक मील का पत्थर साबित होंगे।
इस दौरान मौजूद लोगों को गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। नागरिकों से अपील की गई कि वे खाली पेट धूप में न निकलें, कूलर या एसी से निकलकर तुरंत तेज धूप में न जाएं, दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं तथा घर से बाहर निकलते समय छतरी, टोपी अथवा गमछे का प्रयोग अवश्य करें। इस दौरान पालिकाध्यक्ष पुत्र वरुण गुप्ता, विनय गर्ग, सतीश गर्ग, मोतीलाल गुप्ता, डब्बू बंसल के अलावा सभासदगण, पालिका लिपिक विजेन्द्र कुमार, लिपिक ज्योति मिश्रा, अंकुर सिंह सहित समस्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।


