Aaj Ka Mausam: यूपी में 42 डिग्री पार, धूप में कुछ मिनट खड़ा रहना भी बना चुनौती, सड़कों पर पसरा सन्नाटा

Aaj Ka Mausam: आज रविवार को मौसम विभाग ने स्थिति को ध्यान में रखते हुए चेतावनी दी है।

Priya Singh Bisen
Published on: 24 May 2026 6:00 AM IST
Aaj Ka Mausam
X

Aaj Ka Mausam 

Aaj Ka Mausam (24 May 2026): उत्तर प्रदेश इस वक़्त भीषण गर्मी की चपेट में है। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना बेहद मुश्किल कर दिया है। दोपहर के वक़्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा नज़र आ रहा है और जो लोग आवश्यक काम से बाहर निकल रहे हैं, वे लगातार छाया और पानी का सहारा लेने को मजबूर हैं। आज रविवार को मौसम विभाग ने स्थिति को ध्यान में रखते हुए चेतावनी दी है।

लखनऊ में आज का मौसम

लखनऊ में लोगों का कहना है कि हर 10-15 मिनट में पानी पीना आवश्यक हो गया है। गर्मी इतनी भीषण है कि कुछ देर धूप में खड़े रहना भी मुश्किल हो रहा है। बाइक और स्कूटी से सफर करने वाले लोगों की परेशानी सबसे अधिक बढ़ गई है। लोग रास्ते में पेड़ों और दुकानों की छाया में रुक-रुक कर खुद को राहत देने का प्रयास कर रहे हैं।

गर्मी का प्रकोप बज़ारों में

भीषण गर्मी का प्रभाव बाजारों और सड़कों पर भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। जहां आम दिनों में ट्रैफिक और भीड़ रहती थी, वहां अब गाड़ियों की संख्या बेहद कम नजर आ रही है। लोग दोपहर में बाहर निकलने से बच रहे हैं। कई लोग गमछे और कपड़े से चेहरा ढककर सफर कर रहे हैं ताकि गर्म हवाओं से बचा जा सके।

गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों और गन्ने के रस की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। लखनऊ के एक गन्ने के रस विक्रेता रियाज ने बताया कि तापमान बढ़ने के साथ बिक्री भी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि लोग ठंडा पेय पीकर कुछ देर राहत महसूस कर रहे हैं। इसके अलावा कामकाजी लोगों के लिए यह मौसम सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। कई लोग मजबूरी में धूप में काम करने को विवश हैं।

मौसम विशेषज्ञों की सलाह

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के वक़्त बाहर निकलने से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और शरीर को ढककर रखने की सलाह दी गई है। डॉक्टर भी लगातार लोगों को डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए सतर्क रहने की चेतावनी दे रहे हैं।

बता दे, प्रदेश में पड़ रही यह प्रचंड गर्मी आम जनजीवन पर भारी पड़ती नज़र आ रही है। लोग अब वर्षा और तापमान में गिरावट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि इस झुलसाती गर्मी से कुछ राहत मिल सके।

ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story