TRENDING TAGS :
गज़ब सुहावना आज का मौसम! UP के 20 जिलों में भारी वर्षा और आंधी का अलर्ट, अगले 48 घंटे बेहद भारी...
UP Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लगभग 20 जिलों में आज रविवार को भारी वर्षा, तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
UP Weather Update (photo: social media)
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मई की चिलचिलाती धुप और गर्मी के बीच मौसम ने बीते दिनों अचानक करवट लेकर लोगों को हैरान कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लगभग 20 जिलों में आज रविवार को भारी वर्षा, तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ, कानपुर, नोएडा और गाजियाबाद सहित कई इलाकों में मौसम में आए इस बदलाव ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई है।
राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक के वर्षा का दौर जारी
बीते कुछ दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ वर्षा और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि देखी जा रही है। आमतौर पर मई महीने की शुरुआत में जहां लू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा था, तो वहीं इस बार प्री-मानसून गतिविधियों ने मौसम को सुहावना बना दिया है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत अवश्य मिली है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है।
इस कारण मौसम में हो रहा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के पीछे का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का एक्टिव होना है, जिसका प्रभाव पूरे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। इसे लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी 48 घंटों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जिसमें बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है।
सुहावने मौसम में किसानों की बढ़ी चिंता
हालांकि, इस बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं की कटाई के बाद खुले में रखी फसलें वर्षा और ओलावृष्टि से प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, सब्जी और फल उत्पादक किसानों को भी नुकसान की आशंका है। कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी सामने आ रही है, जिससे ग्रामीण इलाकों में परेशानी बढ़ गई है।
सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या खुले स्थानों पर खड़े होने से बचने, अनावश्यक बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। स्कूलों को लेकर भी कुछ जिलों में स्थानीय प्रशासन स्थिति के अनुसार फैसला ले सकता है।
मौसम को लेकर क्या है स्वास्थ्य विशेषज्ञों की राय ?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी बदलते मौसम को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। अचानक तापमान में गिरावट और उमस के कारण वायरल संक्रमण, सर्दी-खांसी और बुखार जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को खासतौर से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। नियमित रूप से पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और भीड़भाड़ से बचना जरूरी बताया गया है।
'अल नीनो' का बढ़ा प्रभाव
इस बीच, मौसम वैज्ञानिकों ने अल नीनो (El Niño) के प्रभाव को लेकर भी गंभीर रूप से चिंता जताई है। उनका कहना है कि अगर इसका प्रभाव ऐसे ही जारी रहता है, तो आने वाले मानसून पर इसका बुरा प्रभाव पड़ सकता है, जिससे वर्षा सामान्य से कम हो सकती है। इसका सीधा प्रभाव खेती, जल संकट और बिजली की मांग पर पड़ सकता है।
कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश का मौसम फिलहाल राहत और चुनौती दोनों का संकेत दे रहा है। जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, वहीं आगामी कुछ ही दिनों में फिर से तापमान बढ़ने और मौसम के अस्थिर बने रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अगले कुछ दिन प्रदेशवासियों के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं।
ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।


