Mathura News : गोवर्धन में श्रद्धालुओं ने लगाया भेदभाव का आरोप, वीआईपी गाड़ियों को मिली एंट्री

Mathura News : गोवर्धन में श्रद्धालुओं ने भेदभाव का आरोप लगाया, वीआईपी वाहनों को एंट्री मिलने पर उठे सवाल, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

Amit Sharma
Published on: 9 Jun 2026 11:16 PM IST
Mathura News : गोवर्धन में श्रद्धालुओं ने लगाया भेदभाव का आरोप, वीआईपी गाड़ियों को मिली एंट्री
X

Mathura News

Mathura News : राजीव चौराहे पर ड्यूटी के दौरान पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं ने भेदभाव का आरोप लगाया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि एक महिला ने पैरों में गंभीर परेशानी होने की बात बताते हुए वाहन से आगे जाने की अनुमति मांगी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों ने नियमों का हवाला देकर वाहन को आगे नहीं जाने दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय बाद दो अन्य वाहन बिना किसी रोक-टोक के आगे निकल गए। इनमें एक वाहन पर पुलिस लिखा था, जबकि दूसरे वाहन पर विधायक लिखा हुआ बताया गया। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि जिन वाहनों को रोका गया, उनके साथ सख्ती दिखाई गई, जबकि विशेष पहचान वाले वाहनों को आसानी से प्रवेश दे दिया गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रतिबंध लगाए गए हैं तो नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। उनका सवाल है कि आम श्रद्धालुओं के लिए अलग और विशेष पहचान वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था क्यों अपनाई जा रही है।

बताया गया कि जिन वाहनों के निकलने की चर्चा हो रही है, उनके नंबर BH23B2K** तथा RJ25CA8308** बताए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।श्रद्धालुओं ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और यदि कहीं नियमों के पालन में भेदभाव हुआ है तो उसे दूर किया जाए। उनका कहना है कि धार्मिक नगरी में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के साथ समान व्यवहार होना चाहिए, ताकि किसी के मन में पक्षपात की भावना न बने।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story