TRENDING TAGS :
Meerut: सार्वजनिक सड़क पर अवैध शौचालय निर्माण का आरोप, क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
Meerut News: मेरठ के वार्ड 51 स्थित किशनपुरा क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर कथित अवैध शौचालय निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर निगम में ज्ञापन सौंपा।
Meerut News
Meerut News: वार्ड संख्या 51 के किशनपुरा क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर कथित अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। मंगलवार को क्षेत्र के दर्जनों निवासियों ने नगर निगम पहुंचकर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और सड़क पर बने अवैध शौचालयों को तत्काल हटाने की मांग की।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि मोहल्ले में कुछ लोगों ने अपने मकानों के बाहर सार्वजनिक मार्ग पर शौचालयों का निर्माण कर रखा है, जिससे रास्ता संकरा हो गया है और आवागमन प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में नगर निगम द्वारा पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।मंगलवार को कपिल निषाद, विशाल निषाद, दीपांशु निषाद, दिलीप, चंदन, शुभम समेत कई स्थानीय नागरिक नगर निगम पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन देकर अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण नियमों के विरुद्ध है और इससे क्षेत्र के लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि मोहल्ले में सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नई सड़क का स्वरूप भी प्रभावित होगा और भविष्य में विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की जांच कराकर सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी जन आंदोलन शुरू करने को विवश होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।नगर निगम अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


