TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में रालोद नेताओं की बढ़ी धड़कनें, प्रदेश कार्यकारिणी भंग; जल्द बनेगी नई टीम
Meerut News: रालोद ने उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर नई टीम के गठन का फैसला लिया है। इस निर्णय के बाद मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नेताओं में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Meerut News
Meerut News: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने का फैसला लिया है। इस निर्णय के बाद मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रालोद नेताओं और पदाधिकारियों के बीच नई संगठनात्मक टीम को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय, प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों और क्षेत्रीय अध्यक्षों को छोड़कर प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पद तत्काल प्रभाव से समाप्त माने जाएंगे।
यह फैसला नई दिल्ली स्थित रालोद मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने की। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए व्यापक चर्चा हुई, जिसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर नए सिरे से गठन करने का निर्णय लिया गया।पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विशेषकर मेरठ मंडल को रालोद का परंपरागत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। ऐसे में प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन का असर मेरठ जिले और आसपास के क्षेत्रों के संगठन पर भी दिखाई देगा।
पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस बात को लेकर उत्सुकता है कि नई टीम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कितना प्रतिनिधित्व मिलेगा।प्रदेश महासचिव आतिर रिजवी ने बताया कि संगठन को और अधिक प्रभावी, सक्रिय तथा मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन विस्तार की रणनीति को ध्यान में रखते हुए रालोद नेतृत्व ने यह फैसला लिया है। मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रभाव को देखते हुए नए पदाधिकारियों के चयन पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें टिकी हुई हैं। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के सचिव समरपाल सिंह ने भी जल्द नई कार्यकारिणी गठित किए जाने की पुष्टि की है।


