Saharanpur Honor Killing News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी ने अपने सगे भाई मंजीत पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि लड़की का परिवार इस प्रेम विवाह से बेहद नाराज था और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शामली जनपद के थाना बाबरी क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर खेड़ी निवासी शिव कुमार (27 वर्ष) अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज आए थे। आकांक्षा परीक्षा देने के लिए केंद्र के भीतर चली गई, जबकि शिव कुमार बाहर ही उसका इंतजार कर रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंचा और उसने शिव कुमार के सिर में बेहद नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार महीने पहले ही शिव कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। इस विवाह के बाद से ही उसके मायके वाले इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे। आकांक्षा का आरोप है कि इसी नाराजगी और रंजिश के चलते उसके भाई ने उसके पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
मामले में सहारनपुर पुलिस का आधिकारिक बयान भी आया है। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आज थाना रामपुर मनिहारान पर यह सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति को गोली लग गई है। पुलिस तत्काल अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि इलाज के दौरान इस व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। मृतक का नाम शिव कुमार है, मृतक की पत्नी का नाम आकांक्षा है। यह दोनों ही जिला शामली के रहने वाले हैं। इन्होंने करीब 4 महीने पहले प्रेम विवाह किया था, जिस बात को लेकर लड़की के घर वाले संतुष्ट नहीं थे और इनसे रंजिश रखते थे। लड़की आज उ0प्र0पु0 परीक्षा देने जनपद सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारन कस्बे आई थी, एग्जाम देने के बाद जब यह बाहर वापस जा रहे थे, तो रास्ते में लड़की के परिवार वालों में उसके सगे भाई और मामा शामिल थे, उन्होंने शिवकुमार के ऊपर गोली चला दी, जिसके बाद इलाज के दैरान मृत्यु हो गई। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है, शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
आपको बता दें कि यूपी पुलिस भर्ती 2025 की परीक्षा सोमवार से शुरू हो चुकी और बुधवार तक राज्यभर के हजारों परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस भर्ती परीक्षा के जरिये 32,679 पदों को भरा जाना है। दोनों पालियों में तीन दिन तक चलने वाली परीक्षा में करीब 28 लाख अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।