TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में हाईवे पर हाइवा-ट्रक की भीषण टक्कर, चालक घायल
Sonbhadra News: दुद्धी के बिडर गांव में स्कूल के सामने एनएच-39 पर हाइवा और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, चालक केबिन में फंसा, पैर टूटने के बाद अस्पताल रेफर किया गया।
सोनभद्र में हाईवे पर हाइवा-ट्रक की भीषण टक्कर, चालक घायल (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बिडर गांव में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। प्राथमिक विद्यालय के सामने हुए इस हादसे में एक हाइवा और खाली बॉडी ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा दुद्धी से हाथीनाला की ओर जा रहा था, जबकि खाली बॉडी ट्रक हाथीनाला की तरफ से दुद्धी आ रहा था। बिडर स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप पहुंचते ही सामने से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और विपरीत दिशा में जाकर हाइवा से टकरा गया। तेज रफ्तार वाहनों की भिड़ंत से जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी।
ग्रामीणों की तत्परता से बची चालक की जान
हादसे के बाद हाइवा चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह दब जाने से उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी देर तक चले प्रयासों और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को हटाकर चालक को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों की तत्परता से चालक की जान बच सकी।
घायल चालक की पहचान सुरेंद्र (30) पुत्र रमेश, निवासी टेढ़ा, थाना दुद्धी के रूप में हुई है। हादसे में उसका एक पैर गंभीर रूप से टूट गया। वहीं दूसरी ओर बॉडी ट्रक का चालक बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घायल सुरेंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण बेहतर इलाज की आवश्यकता है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया गया ताकि यातायात सामान्य हो सके। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। विद्यालय के सामने हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों के दबाव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।


