Sonbhadra News: सोनभद्र में भक्ति का महाकुंभ: राष्ट्रीय बाल कलाकारों की प्रस्तुति पर झूमे श्रद्धालु

Sonbhadra News: सोनभद्र के कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम में चल रहे विराट रुद्र महायज्ञ के पांचवें दिन राष्ट्रीय बाल कलाकारों की भजन संध्या, धानी शास्त्री की भागवत कथा और वृंदावन की रासलीला ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 9 Jun 2026 9:14 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र में भक्ति का महाकुंभ: राष्ट्रीय बाल कलाकारों की प्रस्तुति पर झूमे श्रद्धालु
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम परिसर में चल रहे विराट रुद्र महायज्ञ के पांचवें दिन मंगलवार को आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अद्भुत संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय बाल कलाकारों की भजन संध्या, वृंदावन से आई बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री की भागवत कथा और रासलीला ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। पूरे दिन यज्ञ मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार गूंजता रहा, जबकि शाम ढलते ही भक्ति संगीत और रासलीला ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

बाल कलाकारों ने बिखेरा भक्ति का रंग

महायज्ञ में अपने माता-पिता के साथ पहुंचे राष्ट्रीय बाल कलाकारों ने सबसे पहले यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर भिखारी बाबा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद शिव मंदिर में रुद्राभिषेक पूजन कर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। शाम को आयोजित भजन संध्या में उनकी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। हारमोनियम की मधुर धुनों पर गूंजते भजनों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।

धानी शास्त्री की कथा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

वृंदावन से आई बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री ने अपनी मधुर वाणी से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया। कथा के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे और भगवान की लीलाओं का श्रवण कर भाव-विभोर होते रहे। कथा पंडाल में देर तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रासलीला कार्यक्रम महायज्ञ का प्रमुख आकर्षण बना रहा। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रासलीला देखने के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देर रात तक चले कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति और आनंद में डूबे रहे।

251 जड़ी-बूटियों से दी जा रही आहुति

कार्यक्रम के आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी महाराज ने बताया कि महायज्ञ में प्रतिदिन 251 प्रकार की जड़ी-बूटियों से निर्मित विशेष हवन सामग्री से आहुतियां दी जा रही हैं। इसका उद्देश्य धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश देना है। यज्ञाचार्य गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी और अमरेश तिवारी के निर्देशन में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है।

लवकुश लीला ने भी जीता दर्शकों का दिल

वाराणसी से पहुंचे मनीष कुमार ने बताया कि उनके तीनों बच्चे श्री राम कृष्ण, श्री राधा कृष्ण और श्री राधे कृष्ण राष्ट्रीय बाल कलाकार हैं तथा उन्हें राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। वर्ष 2025 में अयोध्या नंदीग्राम महोत्सव में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। महायज्ञ में राधा कृष्ण और राधे कृष्ण ने लवकुश लीला की प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावुक कर दिया, जबकि राम कृष्ण ने हारमोनियम पर भजन, गीत और गजल प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

महायज्ञ स्थल पर प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यज्ञ मंडप की परिक्रमा, जयकारों की गूंज, कथा, भजन और रासलीला के बीच पूरा आश्रम परिसर भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।इस अवसर पर नरेश चंद्र उमर वैश्य, रूपा गुप्ता, विजय सिंह, इंद्रवीर, केवलानंद महाराज, हरिनंद, देवेंद्र कुमार, दिनेश, उषा देवी, चिंता मौर्य, उर्मिला देवी, कलावती देवी, दाऊदयाल, राजेश, शुभराम महाराज, राजेंद्र महाराज, रामखेलावन, प्रहलाद, मुन्ना बाबा, परमानंद, रमेश कुमार, शशि देवी, किरन मोदनवाल, संगीता, विमला देवी, कालो देवी, हीरा सिंह, डॉ. विजय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story