Unnao News: निर्माणाधीन मंदिर में साधु की चाकू से गोदकर हत्या, बांगरमऊ में सनसनी

Unnao News: बांगरमऊ के भूरे टोला में दिनदहाड़े साधु बाबा मिलन दास की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, आरोपी फरार।

Shaban Malik
Published on: 9 Jun 2026 7:28 PM IST
Sadhu stabbed to death in temple under construction, sensation in Bangarmau
X

निर्माणाधीन मंदिर में साधु की चाकू से गोदकर हत्या, बांगरमऊ में सनसनी (Photo- Newstrack)

Unnao News: उन्नाव बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भूरे टोला मोहल्ले में मंगलवार दोपहर एक साधु की चाकू से गोदकर हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार भूरे टोला निवासी *मिलन सिंह रघुवंशी उर्फ बाबा मिलन दास (45) पुत्र स्वर्गीय रामवीर बली अर्कवंशी अपने घर के निकट स्थित निर्माणाधीन मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्य किया करते थे। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बाबा मिलन दास गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

अज्ञात युवक पर हत्या का आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। परिजनों ने अज्ञात युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। कोतवाली प्रभारी अखिलेश ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Shaban Malik
ABOUT THE AUTHOR

Shaban Malik

Next Story