UP Election 2027: यूपी में फिर चलेगी योगी या अखिलेश पलटेंगे बाजी?इस चुनावी पंडित की भविष्यवाणी ने मचाई सियासी हलचल

UP Election 2027: प्रदेश की सत्ता में लगातार दूसरी बार काबिज भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाने की रणनीति बना रही है, वहीं समाजवादी पार्टी यूपी की सत्ता में वापसी के लिए पूरी जोर-आजमाइष लगा रही है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 23 May 2026 8:14 AM IST (Updated on: 23 May 2026 8:27 AM IST)
Yogi Adityanath vs Akhilesh Yadav
X

Yogi Adityanath vs Akhilesh Yadav

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। चुनाव में भले ही अभी थोड़ा समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियां तेज कर दी हैं। प्रदेश की सत्ता में लगातार दूसरी बार काबिज भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाने की रणनीति बना रही है, वहीं समाजवादी पार्टी यूपी की सत्ता में वापसी के लिए पूरी जोर-आजमाइष लगा रही है। माना जा रहा है कि इस बार के यूपी विधानसभा चुनाव में केवल सत्ता की लड़ाई नहीं बल्कि विकास, कानून-व्यवस्था, जातीय समीकरण और जनता की उम्मीदों की भी बड़ी परीक्षा होगी।

पीडीए के सहारे चुनावी माहौल बनाने की कोशिश में सपा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी सरकार कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे, निवेश और कल्याणकारी योजनाओं को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बता रही है। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को फिर से धार देने में जुट गयी है। सपा पीडीए के सहारे जनता को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। पश्चिमी यूपी, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल जैसे क्षेत्रों में सभी दल लगातार रैलियां, जनसभाएं और संगठनात्मक बैठकें कर रहे हैं।

इसी बीच देश के प्रसिद्ध चुनाव विश्लेषक प्रदीप गुप्ता ने यूपी राजनीति को लेकर हैरान करने देने वाला दावा किया है। उनके अनुसार मौजूदा समय में योगी सरकार के खिलाफ कोई मजबूत एंटी-इन्कंबेंसी लहर दिखाई नहीं दे रही है। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर जनता योगी आदित्यनाथ सरकार से संतुष्ट नजर आ रही है और सरकार के कामकाज को लेकर लोगों में सकारात्मक सोच बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति बेहद अप्रत्याशित है और यहां जनता बहुत कम समय में अपना मूड बदल सकती है। प्रदीप गुप्ता के अनुसार यूपी में केवल जातीय समीकरण चुनाव नहीं जिताते, बल्कि सरकार का प्रदर्शन भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। जनता सड़क, बिजली, पानी, रोजगार, राशन और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को परखती है। यदि सरकार इन मोर्चों पर कमजोर साबित होती है तो जातीय समीकरण भी बेअसर हो सकते हैं। यही वजह है कि सभी दल विकास और सुशासन को अपने चुनावी एजेंडे का अहम हिस्सा बना रहे हैं।

बीजेपी- एनडीए का प्रदर्शन रहेगा मजबूत

उन्होंने विपक्ष की स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्ष की सफलता काफी हद तक सत्ताधारी दल की कमजोरियों पर निर्भर करती है। जब तक बीजेपी और एनडीए का प्रदर्शन मजबूत रहेगा, तब तक विपक्ष के लिए सत्ता तक पहुंचना आसान नहीं होगा। उनका मानना है कि विपक्ष को जनता के बीच भरोसा दोबारा कायम करने में अभी लंबा समय लग सकता है। प्रदीप गुप्ता ने राजनीति के “20 साल के बदलाव चक्र” का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली पार्टियों के खिलाफ समय के साथ बदलाव की लहर बनती रही है।

कांग्रेस का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि लगातार लंबे शासन के बाद जनता बदलाव चाहती है। अब बीजेपी के सामने भी सबसे बड़ी चुनौती बढ़ती जन अपेक्षाओं को पूरा करने की है। जनता अब सामान्य काम नहीं बल्कि बेहतर और तेज प्रदर्शन चाहती है। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि पार्टी आज भी अपने पुराने शासनकाल की गलतियों और कमजोर छवि से पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाई है। आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में विपक्ष के लिए सबसे बड़ी चुनौती खुद को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करना होगी। फिलहाल राजनीतिक संकेत यही बता रहे हैं कि 2027 का यूपी चुनाव बेहद दिलचस्प और कांटे का मुकाबला साबित हो सकता है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story