महा-अलर्ट! यूपी में 16 घंटे ठप रहेंगी बिजली विभाग की सारी ऑनलाइन सेवाएं, नहीं भर पाएंगे बिजली का बिल

यूपी बिजली उपभोक्ताओं के लिए अलर्ट: UPPCL की बिल भुगतान और रिचार्ज जैसी सभी ऑनलाइन सेवाएं 16 घंटे तक ठप रहेंगी। वहीं, बिना रिचार्ज 40 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर कनेक्शन काटे गए।

Shivam
Published on: 2 April 2026 9:56 PM IST
UP Electricity Bill Hike
X

UP Electricity Bill Hike

UP Electricity News: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना है। शुक्रवार को करीब 16 घंटे तक पावर कॉरपोरेशन की ऑनलाइन सेवाएं बाधित रहेंगी। इस दौरान बिलिंग सिस्टम, उपभोक्ता पोर्टल और UPPCL कंज्यूमर ऐप पर उपलब्ध सभी सुविधाएं जैसे बिल भुगतान, स्मार्ट मीटर रिचार्ज, बिल जनरेशन और लोड बढ़ाने की सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।

पावर कॉरपोरेशन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, आरएमएस बिलिंग प्रणाली में मेंटेनेंस और कॉन्फिगरेशन कार्य के चलते यह सेवाएं शुक्रवार शाम 5 बजे से शनिवार सुबह 9 बजे तक पूरी तरह बंद रहेंगी। यह कार्य पूर्वांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम और केस्को से जुड़े सिस्टम पर किया जा रहा है। किसी भी आपात सहायता के लिए उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

बरेली में स्मार्ट मीटर के लिए लगेगा मेगा कैंप

बरेली में 4 अप्रैल को बिजली निगम की ओर से विशेष मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और UPPCL स्मार्ट ऐप इंस्टॉल कराना है। यह कैंप नवाबगंज, बहेड़ी, आंवला, किला, राजेंद्रनगर, जगतपुर और कुतुबखाना समेत कई इलाकों के बिजली घरों पर लगाए जाएंगे।

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि कैंप में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के फायदे, रिचार्ज प्रक्रिया और तकनीकी जानकारी दी जाएगी। इसके जरिए उपभोक्ता अपने मोबाइल से रियल-टाइम बिजली खपत की निगरानी कर सकेंगे और समय पर रिचार्ज कर बिजली कटने से बच सकते हैं।

स्मार्ट मीटर लगाने का काम जारी

बिजली विभाग पुराने मीटरों को हटाकर चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर लगा रहा है। साथ ही उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा राशि को नए बिल में समायोजित करने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। विशेषज्ञ मौके पर मौजूद रहकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी शंकाओं का समाधान करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, पर्याप्त रिचार्ज न करने पर अब तक 40,856 मीटर डिस्कनेक्ट किए जा चुके हैं, जिससे करीब 15.32 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। वहीं, 33 हजार उपभोक्ताओं ने रिचार्ज के जरिए लगभग 56 लाख रुपये जमा किए हैं। जोन में अब तक 1.19 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।

इसके अलावा, मीटर रिचार्ज न कराने के मामलों में 27 उपभोक्ताओं के खिलाफ मॉर्निंग और इवनिंग चेकिंग के दौरान एफआईआर भी दर्ज की गई है।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story