×

Ghaziabad News: शादी के सात साल बाद भी नहीं हुई संतान तो पत्नी को दे दिया तीन तलाक

Ghaziabad News: सीपी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी पति सदाकत अली, सास अकतरी, जेठ सराफत व देवर रियासत अली के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है।

Neeraj Pal
Report Neeraj Pal
Published on: 26 Jan 2024 8:36 AM GMT
Ghaziabad News
X

सांकेतिक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Ghaziabad News: शादी के सात साल बाद भी संतान न होने से नाराज एक युवक ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। महिला से दहेज में कार व दो लाख रुपये की भी मांग की जा रही थी। पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत कर मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक नूरगंज कॉलोनी निवासी महिला असपिया ने बताया कि 10 अक्टूबर 2017 में उसकी शादी लखीमपुर खीरी निवासी सदाकत अली के साथ हुई थी। महिला ने बताया कि शादी के बाद से ही उसकी ससुराल वाले शादी में दिए गए दान-दहेज से खुश नहीं थे। महिला का पति व अन्य लोग दहेज में कार व दो लाख रुपये देने की मांग करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी। असपिया ने बताया कि शादी के सात साल बाद भी उसके कोई संतान नहीं हुई। जिसके चलते उसे बांझ होने का ताना भी दिया जाता था।

कई बार महिला के मायके वालों ने पति सदाकत अली व उसके परिवार वालों को खुशामद करते हुए समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे अपनी दहेज की मांग पर अड़े रहे। आरोप है कि गत 12 दिसंबर 2023 को महिला के पति व अन्य ससुराल पक्ष के लोगों ने संतान पैदा न होने का ताना मारते हुए दहेज की मांग की। विरोध करने पर महिला के साथ जमकर मारपीट की गई। जिसके बाद महिला का पति उसे मुरादनगर की नूरगंज कॉलोनी स्थित उसके मायके लेकर पहुंचा। जहां पर सदाकत ने अपनी दहेज की मांग दोबारा दोहराई।

मांग पूरी न होने पर महिला के पति ने उसे बांझ होने का ताना देते हुए तीन तलाक दे दिया और उसे उसके मायके छोड़कर चला गया। बुधवार को पीडित महिला थाने पहुंची और तहरीर देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। इस बारे में एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी पति सदाकत अली, सास अकतरी, जेठ सराफत व देवर रियासत अली निवासीगण मौहल्ला नवाबगंज थाना मैगलगंज लखीमपुर खीरी के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story