TRENDING TAGS :
24 घंटे में ही रूस ने गिरगिट जैसे बदला रंग, यूक्रेन पर फिर अटैक कर यात्रियों से भरी बस पर गिराया बम
Russia Ukraine War: शांति वार्ता के कुछ घंटों बाद ही रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई।
रूस ने यूक्रेन पर फिर किया अटैक (फोटो- सोशल मीडिया)
Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तुर्किये में एक दिन पहले हुए शांति वार्ता को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि रूस में एक बार फिर यूक्रेन पर अटैक कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस की सेना ने सूमी क्षेत्र में यूक्रेन की सैन्य छावनी को निशाना बनाया, जहां यूक्रेन की सेना हथियार रखती है। वहीं रूस ने आम नागरिकों को निशाना बनाते हुए यात्रियों से भरी बस पर भी ड्रोन अटैक किया। इस हमले में 9 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हैं।
इस हमले की निंदा करते हुए यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस ने कहा कि यह सिर्फ एक और गोलाबारी नहीं है, बल्कि एक निंदनीय युद्ध अपराध है।
रूसी हमले के बाद बचाव कार्य जारी
रूस ने यूक्रेन की सैन्य छावनी को निशाना बनाकर हमला किया। हालांकि, इसमें कितना नुकसान हुआ, अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इस बारे में सूमी सैन्य छावनी के चीफ ने बताया कि रूसी हमले के बाद राहत कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा यूक्रेन पुलिस ने उस बस की फोटो शेयर की, जिसमें रूस ने हमला किया। इसमें बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो चुका है।
युद्धविराम पर रूस और यूक्रेन में कल हुई थी सीधी बातचीत
रूस और यूक्रेन में युद्धविराम को लेकर 16 मई को तुर्किये के इस्तांबुल शहर में बैठक हुई। यहां दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल ने पहली बार आमने-सामने बैठकर युद्ध को लेकर चार्चा की। हालांकि, 2 घंटे से भी कम समय तक चली इस बैठक में युद्धविराम को लेकर कोई ठोस चर्चा नहीं हो पाई। इस शांति वार्ता ने यूक्रेन चाहता था कि रूस युद्धविराम पर जारी हो जाए, जबकि रूस शर्त रख रहा था कि यूक्रेन 4 विवादित इलाकों से पूरी तरह से पीछे हट जाए। ऐसे में बैठक में दोनों देशों के बीच युद्धविराम को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई। इस पर यूक्रेन ने आरोप भी लगाया कि रूस ने सिर्फ दिखावे के लिए बैठक की। बता दें कि इस बैठक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल नहीं हुए थे।
3 साल से ज्यादा समय से जारी है रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध
रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी, 2022 में युद्ध शुरू हुआ था। दोनों देशों के बीच जारी युद्ध को 3 साल से ज्यादा समय हो चुका है। इस दौरान दोनों देशों के 2 लाख से ज्यादा सैनिक मारे जा चुके हैं और तकरीबन 8 लाख सैनिक घायल हुए हैं। रूस और यूक्रेन के बीच पहली बार बीते दिन युद्धविराम को लेकर बैठक भी हुई, लेकिन इसमें भी कुछ हल नहीं निकला।