×

TRENDING TAGS :

Election Result 2024

Election 2024 : रायबरेली में अमित शाह का बड़ा प्लान, BJP में शामिल होंगे मनोज पांडेय, वोटिंग से पहले राहुल को घेरने की तैयारी

Election 2024 : रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में भाजपा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की घेराबंदी करने में जुटी हुई है। गृह मंत्री अमित शाह खुद इसकी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 15 May 2024 1:10 PM GMT
Election 2024 : रायबरेली में अमित शाह का बड़ा प्लान, BJP में शामिल होंगे मनोज पांडेय, वोटिंग से पहले राहुल को घेरने की तैयारी
X

Election 2024 : रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में भाजपा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की घेराबंदी करने में जुटी हुई है। गृह मंत्री अमित शाह खुद इसकी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। शाह ने अभी हाल में रायबरेली में एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित किया था और इसके बाद उन्होंने ऊंचाहार विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक मनोज पांडेय के घर अचानक पहुंच कर सबको चौंका दिया था।

जानकार सूत्रों का कहना है कि मनोज पांडेय को भाजपा में शामिल करने की तैयारी हो रही है। रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है मगर उससे पहले 17 मई को रायबरेली में बड़ा सियासी खेल खेलने की तैयारी है। दरअसल मनोज पांडेय ने 17 मई को रायबरेली में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया है और माना जा रहा है कि इस जनसभा के दौरान वे बड़ा ऐलान कर सकते हैं।

वोटिंग से पहले बड़ा खेल खेलने की तैयारी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उम्मीदवारी के कारण रायबरेली के रण क्षेत्र को कांग्रेस ने प्रतिष्ठा का सवाल बना रखा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में डेरा डाल रखा है। उनके अलावा छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी रायबरेली में चुनाव अभियान की कमान संभाल रखी है। कांग्रेस के कई अन्य बड़े नेता भी रायबरेली में डेरा डाले हुए हैं। दूसरी ओर भाजपा राहुल गांधी के खिलाफ पार्टी प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है।

भाजपा नेताओं ने भी रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में पूरी ताकत लगा रखी है। समाजवादी पार्टी का विधायक होने के कारण मनोज पांडेय अभी खुलकर प्रचार में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। माना जा रहा है कि इसीलिए पार्टी अब मनोज पांडेय को भाजपा में शामिल करने की कोशिश में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक मनोज पांडेय सपा और विधायकी दोनों से इस्तीफा दे सकते हैं। 17 मई को बुलाई गई जनसभा में इसका ऐलान किया जा सकता है। अमित शाह ने मनोज पांडेय को पार्टी की ओर से उनका पूरा ख्याल रखे जाने का आश्वासन दिया है। अमित शाह के दौरे के बाद इस रणनीति पर जोरदार तरीके से काम किया जा रहा है।

जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं

कुछ समय पहले तक मनोज पांडेय को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का काफी करीबी माना जाता था मगर राज्यसभा चुनाव के दौरान कई अन्य सपा विधायकों के साथ उन्होंने भाजपा को समर्थन देकर सपा मुखिया को करारा झटका दिया था। राज्यसभा चुनाव के बाद उन्होंने अखिलेश यादव पर सीधा हमला भी बोला था। अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए उन्होंने यहां तक कहा था कि सपा के कई विधायक अयोध्या जाना चाहते थे मगर अखिलेश यादव ने उन्हें रोक दिया था।

सपा विधायक मनोज पांडेय 17 मई को होने वाली जनसभा की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस बीच उन्होंने एक बार फिर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जो राम का नहीं है,वह किसी काम का नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। ऐसे में देश के लोगों को बड़ा फैसला लेना है। देश में कुछ लोग भगवान राम सहित किसानों, गरीबों और दलितों का अपमान करना चाहते हैं और ऐसे लोगों को झटका देना जरूरी है।

पीएम मोदी और शाह की जमकर तारीफ

मनोज पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं के रहते गरीबों और कमजोरों के हक कोई छीन नहीं सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटे हुए हैं और इसीलिए मैं उनकी तारीफ कर रहा हूं। इससे अगर किसी को तकलीफ होती है तो मुझे इसकी कोई चिंता नहीं है।

रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी को चुनौती देने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सिर्फ यही सीट जीतने में कामयाब हो सकी थी। 2019 में सोनिया गांधी ने इस सीट पर दिनेश प्रताप सिंह को हरा दिया था और इस बार दिनेश प्रताप और राहुल गांधी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story